scorecardresearch
 

'जिनके इशारे पर वीडियो बना रहे, उन्हीं के समय...' स्कूलों को लेकर क्यों सपा पर भड़के योगी

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने सपा सरकार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान जनता का शोषण हुआ और गरीबों की अनदेखी की गई.

Advertisement
X
उत्तर प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश सीएम योगी आदित्यनाथ

रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा व्यवस्था और समाजवादी पार्टी की कार्यशैली को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने अपनी सरकार द्वारा किए गए कामों को गिनाते हुए यूपी में शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने का दावा किया. सीएम योगी ने परिवारवाद और गरीबों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा. 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने पुराने और जर्जर भवनों को नए भवनों में बदलने और व्यवस्था में बेहतरी लाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर पुराने जर्जर भवनों की तस्वीरें और वीडियो साझा कर रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों के इशारे पर ये लोग वीडियो बना रहे हैं, वह उन्हीं लोगों के समय के स्मारक हैं. 

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार में बने नए भवन शिक्षा व्यवस्था की पहचान हैं, ये नकल मुक्त और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की नींव तैयार कर रहे हैं. योगी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था के जरिए उत्तर प्रदेश के युवाओं के स्केल और स्किल डेवेलपमेंट का काम हुआ है. 

यह भी पढ़ें: बसों में राखी पर फ्री सफर करेंगी महिलाएं, एक साथी को भी Free Entry, रक्षाबंधन पर सीएम योगी का तोहफा

Advertisement

सपा पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा के एजेंडे में गरीबी कभी कोई मुद्दा ही नहीं था. उन्होंने कहा कि सपा ने अपने परिवार के हितों के लिए जनता का शोषण किया. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में गरीबों की जमीनों पर कब्जा हुआ, बेटियां उस समय सुरक्षित नहीं थी. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गरीब बच्चों के पास मूलभूत सुविधाएं तक नहीं थी, लेकिन अब बच्चों को यूनिफॉर्म, जूते और स्वेटर भी दिए जा रहे हैं. 

अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए योगी ने कहा कि उनकी सरकार के लोग दिन में करीब 18 घंटे काम करते हैं और हर समय योजनाओं पर चर्चा होती है. जिसके बाद उन्हें लागू किया जाता है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा बबुआ 12 बजे सोकर उठते थे, 2 बजे तैयार होकर शाम को जिम जाते, ऐसे में प्रदेश के लिए उन्हें समय कहां से मिलता. उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकार के पास प्रदेश के लिए समय नहीं था लेकिन अब सरकार का पूरा समय प्रदेश के लिए है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement