scorecardresearch
 

तेलंगाना में पानी के विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंचे किसान को SI ने मारा थप्पड़, दीवार से टकराकर फूटा सिर

तेलंगाना में खेतों की सिंचाई के पानी के बंटवारे को लेकर तीन भाइयों के बीच विवाद हुआ. विवाद सुलझाने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंचे किसान रवि पर सब-इंस्पेक्टर मल्लारेड्डी ने मारपीट की, जिससे उसकी आंख पर चोट आई है.

Advertisement
X
तेलंगाना में किसान ने पुलिस इंस्पेक्टर पर मारपीट के आरोप लगाए हैं
तेलंगाना में किसान ने पुलिस इंस्पेक्टर पर मारपीट के आरोप लगाए हैं

तेलंगाना में खेतों की सिंचाई के लिए पानी के बंटवारे का विवाद सुलझाने पुलिस स्टेशन पहुंचे एक किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. किसान का आरोप है कि थाने में सब-इंस्पेक्टर (SI) ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी आंख के ऊपर चोट लग गई. मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. एसीपी ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

तेलंगाना में एक किसान ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर पर थाने के अंदर मारपीट करने का आरोप लगाया है. पीड़ित किसान की पहचान 35 वर्षीय रवि पुत्र यादैया के रूप में हुई है. रवि अपने भाइयों के साथ खेतों की सिंचाई के लिए पानी के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद का समाधान कराने पुलिस स्टेशन पहुंचा था. आरोप है कि इसी दौरान सब-इंस्पेक्टर मल्लारेड्डी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी आंख के ऊपर चोट लग गई.

तीन भाइयों के बीच पानी के बंटवारे को लेकर विवाद

जानकारी के मुताबिक, रवि और उसके दो भाइयों के बीच कृषि भूमि की सिंचाई के लिए इस्तेमाल होने वाले पानी के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. तीनों भाई एक ही बोरवेल और ट्रांसफॉर्मर से खेतों की सिंचाई करते हैं. इसी पानी के इस्तेमाल को लेकर उनके बीच विवाद हो गया था. विवाद सुलझाने के लिए रवि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे पुलिस स्टेशन पहुंचा था. उसका आरोप है कि शिकायत सुनने के बजाय सब-इंस्पेक्टर मल्लारेड्डी ने उसके साथ मारपीट की.

Advertisement

SI ने मारा थप्पड़, दीवार से टकराकर लगी चोट

इस मामले में एसीपी ने बताया कि पानी के बंटवारे को लेकर विवाद होने के बाद तीनों भाइयों को बातचीत के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया गया था. इसी दौरान रवि और सब-इंस्पेक्टर मल्लारेड्डी के बीच तीखी बहस हो गई. एसीपी के मुताबिक, बहस के दौरान सब-इंस्पेक्टर ने रवि को थप्पड़ मार दिया. थप्पड़ लगने से रवि दीवार से टकरा गया और उसकी आंख के ऊपर चोट आ गई.

मामले की जांच शुरू, दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई

घटना सामने आने के बाद पुलिस अधिकारी के व्यवहार की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एसीपी ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी. अगर जांच में सब-इंस्पेक्टर मल्लारेड्डी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement