पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट छोड़ दी है, वह सिर्फ भवानीपुर से विधायक रहेंगे. बुधवार को नए विधायक के रूप में शपथ लेने के बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ने का ऐलान किया. अधकारी भवानीपुर सीट अपने पास रखेंगे, जिसके लिए उन्होंने आज विधायक पद की शपथ ली.
पश्चिम बंगाल के हालिया विधानसभा चुनाव में दो सीटों से जीत हासिल करने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने बीते दिनों ही घोषणा की कि वह अगले 10 दिनों के भीतर अपनी एक सीट खाली कर देंगे. बुधवार को उन्होंने भवानीपुर को अपनी सीट के तौर पर रखा है. इसी सीट पर उन्होंने पूर्व सीएम ममता बनर्जी को इस बार हराया है.
शुभेंदु ने जिस नंदीग्राम सीट को छोड़ा है, वहां से उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में भी ममता बनर्जी को हराया था. इस तरह ममता बनर्जी दोनों बार दोनों सीटों से उनसे हार चुकी हैं. शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर में हराकर राज्य की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर किया है.
अधिकारी ने कहा था 'मैं 10 दिनों के भीतर एक सीट छोड़ दूंगा. कौन सी सीट रखनी है, इसका निर्णय पार्टी करेगी. मेरी अपनी राय जरूर होगी, जिसे मैं नेतृत्व के सामने रखूंगा.' बता दें कि नंदीग्राम, जिसे अधिकारी अपना गढ़ मानते हैं, उनके राजनीतिक करियर का केंद्र रहा है. 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोध आंदोलन ने उन्हें राज्य स्तर का बड़ा नेता बनाया. वहीं, कोलकाता की भवानीपुर सीट पर उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है. इस सीट पर जीत को भाजपा की बड़ी मनोवैज्ञानिक बढ़त माना जा रहा है.