हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर फायरिंग के मामले में वांछित गांव लाडपुर निवासी आरोपी रोहित उर्फ बुढ़ा पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया. बारोटा और छतहेरा के बीच हुई मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी. एसटीएफ सोनीपत और दिल्ली आकेपुरम क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. रोहित पर पांच हजार रुपये का इनाम था.
पुलिस को सूचना मिली थी कि रोहित बारोटा और छतहेरा के पास आने वाला है. घेराबंदी के दौरान एक युवक बाइक पर आता दिखा. पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा. घेरने पर उसने पुलिस पर दो फायर किए. जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी. उसके पास से पिस्तौल, बाइक और थैला मिला है. उसे सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
रोहित लूट, हत्या की कोशिश और रंगदारी समेत आधा दर्जन से ज्यादा मामलों में वांछित था. एसीपी विपिन कादयान के मुताबिक उस पर दर्जन भर मामले दर्ज हैं. बताया जा रहा है कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है. आरोप है कि उसने 17 सितंबर की रात भिवानी के खरक कलां गांव में दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी रेंज रोवर पर फायरिंग की थी. वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था. बाद में अनिल पंडित के नाम से सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया.
यह भी पढ़ें: हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग, बाल-बाल बचे
बताया जा रहा है कि रोहित के तार हिसार के बाडो पट्टी टोल पर प्रबंधक संजय शुक्ला की हत्या से जुड़े हैं. सोनीपत की गुड़ मंडी क्षेत्र में व्यापारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में भी उसका नाम आया है.
19 सितंबर की रात भिगान फ्लाईओवर के पास एसटीएफ ने आरोपियों को घेर लिया था. तब रोहित का साथी मनोज उर्फ फिल्मी पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से कूद गया और घायल हो गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. कबीरपुर निवासी सचिन भी पकड़ा गया. बाद में पता चला कि रोहित उनके साथ था और चकमा देकर भाग गया था.
अब पुलिस रोहित से पूछताछ कर फायरिंग सहित अन्य वारदातों में उसकी भूमिका और उसके नेटवर्क की जांच करेगी.