भारतीय किसान यूनियन (BKU) के नेता राकेश टिकैत ने विपक्षी दलों से देशभर में बड़ी रैलियां करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को हुई रैली की तरह हर राज्य में बड़े आयोजन होने चाहिए. देश को बचाने के लिए वैचारिक क्रांति जरूरी है. टिकैत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से इस अभियान की पहल करने को भी कहा.
गाजियाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान राकेश टिकैत ने कहा कि विपक्ष को अपना अभियान सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि देश के हर राज्य में लोगों को एकजुट करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: 'विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हुए हैं...' राहुल गांधी का आरोप, PM को दी खुली बहस की चुनौती
'देश की राजनीति बदलेंगे युवा'
राकेश टिकैत ने युवाओं की अगुवाई वाली कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन भी किया. उन्होंने कहा कि देश की राजनीति और सरकार को बदलने में जेन जी यानी नई पीढ़ी के युवाओं की अहम भूमिका होगी.
गन्ना किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
टिकैत ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर गन्ना किसानों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार ने न तो किसानों की मांगों का समाधान किया है और न ही उनके नेताओं के साथ बातचीत की है. उनके मुताबिक, 22 जनवरी 2021 के बाद से इस मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं हुई है.
BKU नेता ने मांग की कि पूरे देश में गन्ने का एक समान खरीद मूल्य 550 रुपये प्रति क्विंटल तय किया जाए. उनका कहना है कि किसानों को गन्ने का भाव राज्य के आधार पर अलग-अलग नहीं मिलना चाहिए.
2014 के आपराधिक मामले में पेशी के लिए पहुंचे थे टिकैत
राकेश टिकैत गाजियाबाद में 2014 के एक आपराधिक मामले की सुनवाई में शामिल होने पहुंचे थे. इस मामले में टिकैत समेत 36 आरोपी हैं. हालांकि, जज के छुट्टी पर होने के कारण सुनवाई टल गई. उनके वकील अजयवीर चौधरी ने बताया कि अब मामले की अगली सुनवाई 12 नवंबर को होगी.
यह भी पढ़ें: 'बांग्लादेश यहां नहीं चलेगा', सीएम हिमंता बिस्वा सरमा का राहुल गांधी पर हमला
गौरतलब है कि विपक्षी इंडिया गठबंधन ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली की थी. इसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया गया था. साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी. यह रैली मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाए जाने के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों और अभियान का हिस्सा थी.