अप्रैल के महीने में हर साल गर्मी की शुरुआत हो जाती है लेकिन इस साल देश भर में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और तूफान की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से मौसम में यह बदलाव आया है. राजस्थान से लेकर हिमाचल प्रदेश के शिमला तक बेमौसम बारिश हो रही है.
दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना है और आज (मंगलवार) सुबह से ही बादल छाए हैं. दोपहर के वक्त तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल रही है. नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत एनसीआर के अधिकतर इलाकों में इसी तरह का मौसम है. तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. ऐसे में गर्मी से तो राहत मिली हुई है, लेकिन सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है.
दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. 7 और 8 अप्रैल को तेज हवाएं (40-60 किलोमीटर प्रति घंटा तक) चलने, बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की संभावना है. इस दौरान न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30-31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
बारिश से दिल्ली-NCR की एयर क्वालिटी में सुधार
बारिश की वजह से बीते 3-4 दिन से दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे है. वहीं, एयर क्वालिटी में भी सुधार देखा जा रहा है. IMD का कहना है कि अगले एक-दो दिन ऐसा ही मौसम रह सकता है.
राजस्थान में भी बदला मौसम का मिजाज, कई जगह बारिश
राजस्थान के भी कई शहरों में बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, अजमेर और कोटा संभागों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले पड़ने की आशंका है. पश्चिमी राजस्थान में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता सता रही है, खासकर गेहूं और अन्य रबी फसलों को नुकसान हो सकता है.
वहीं, हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू, मंडी और चंबा जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है, जबकि निचले इलाकों में बारिश जारी है. इससे तापमान में 4-6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. पर्यटक जगहों पर मौसम सुहावना हो गया है, लेकिन सड़क यातायात पर असर पड़ सकता है.
क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अरब सागर से नमी भरी हवाएं और राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है. 7 से 10 अप्रैल तक उत्तर भारत में बारिश और तूफान का दौर जारी रह सकता है. पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों और दिल्ली-एनसीआर में भी इसका असर दिख रहा है.