केरल के वायनाड में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर एक किस्सा साझा किया और बताया कि उन्हें वायनाड कितना पसंद है. यह कार्यक्रम 2024 में वायनाड में हुए भूस्खलन के पीड़ितों के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से बनाए जा रहे घरों के शिलान्यास से जुड़ा था.
राहुल गांधी ने कहा कि वह पिछले 22 वर्षों से राजनीति में हैं और समय के साथ सोचने का तरीका बदलता है. उन्होंने कहा, 'मेरा मानना है कि नेताओं को अपने बारे में ज्यादा खुला और पारदर्शी होना चाहिए और लोगों को बताना चाहिए कि उनके साथ क्या चल रहा है.'
राहुल गांधी ने सुनाया किस्सा
वायनाड के लोगों को अपना परिवार बताते हुए राहुल गांधी ने एक हालिया घटना सुनाई और मजाक में कहा कि इससे प्रियंका गांधी वाड्रा को थोड़ा गुस्सा भी आ सकता है. उन्होंने कहा कि वह और उनकी बहन अक्सर छोटी-छोटी बातों पर बहस करते रहते हैं.
राहुल गांधी ने बताया कि एक दिन प्रियंका उनसे बात नहीं कर रही थीं, जिसके बाद वह अपनी मां सोनिया गांधी से मिलने गए. सोनिया गांधी ने उनसे पूछा कि प्रियंका कैसी हैं, तो उन्होंने जवाब दिया कि वह नाराज हैं और बात नहीं कर रहीं.
राहुल गांधी ने आगे बताया कि जब वायनाड आने की योजना पर चर्चा हो रही थी तो उन्होंने सोनिया गांधी से कहा कि उन्होंने प्रियंका को 'फंसा' लिया है, क्योंकि वह वायनाड आ रही हैं और यहां आकर उनसे बात किए बिना नहीं रह पाएंगी.
'...और यही वायनाड का जादू है'
उन्होंने कहा कि सुबह फ्लाइट में जब उन्होंने प्रियंका को नमस्ते कहा तो वह तब भी नाराज लग रही थीं, लेकिन वायनाड पहुंचते ही वह उनसे बात करने लगीं और यही वायनाड का जादू है. राहुल गांधी पहले लोकसभा में वायनाड से सांसद रह चुके हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने यह सीट खाली कर दी थी, जिसके बाद प्रियंका गांधी वाड्रा यहां से सांसद चुनी गईं.