ऑल इंडिया इमाम ऑर्गनाइजेशन के चीफ इमाम उमर अहमद इलियासी ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने श्रीनगर में कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर बहुत जल्द भारत में फिर से शामिल होगा. उन्होंने कहा कि वहां के लोग खुद जनमत संग्रह चाहते हैं और भारत के साथ जुड़ना चाहते हैं.
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, उन्होंने पड़ोसी देश पाकिस्तान को संदेश देते हुए कहा कि PoK भारत का अभिन्न हिस्सा है और जल्द ही “घर वापसी” करेगा. साथ ही इल्यासी ने दावा किया कि PoK के लोग जम्मू-कश्मीर में हो रहे विकास और समृद्धि को देखकर प्रभावित हैं और भारत के साथ जुड़ना चाहते हैं. उनका कहना था कि आज का कश्मीर बदल चुका है और यहां तेजी से विकास हो रहा है.
उन्होंने कहा कि लोगों की इच्छा ही सबसे बड़ी ताकत है और PoK के लोग भारत के साथ आने के इच्छुक हैं. उनके अनुसार, यह प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और लोग इसका समर्थन कर रहे हैं.
कश्मीर में बदलाव और विकास पर टिप्पणी
इल्यासी ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद बड़ा परिवर्तन देखने को मिला है. उन्होंने कश्मीर को “नया कश्मीर” बताते हुए कहा कि यहां समृद्धि बढ़ी है और पर्यटन में भी तेजी आई है.
उन्होंने कहा कि पहले यहां पत्थरबाजी की घटनाएं आम थीं, लेकिन अब युवा पढ़ाई कर रहे हैं और उनके हाथों में पत्थरों की जगह किताबें और पेन हैं. उनके मुताबिक, आज का कश्मीर शिक्षा और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
इल्यासी ने लोगों से अपील की कि वे कश्मीर घूमने जरूर आएं और यहां के बदलते माहौल को देखें. उन्होंने कहा कि अब यहां डर का माहौल नहीं है और पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है.
आतंकी हमले और वैश्विक शांति पर बयान
इल्यासी ने पिछले साल पहलगाम के बैसरन घास के मैदानों में हुए आतंकी हमले का भी जिक्र किया, जिसमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय पोनी चालक की मौत हुई थी. उन्होंने कहा कि उस घटना के बाद पर्यटन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन अब हालात सामान्य हैं.
उन्होंने कहा कि लोग बिना डर के कश्मीर आ सकते हैं और यहां का माहौल सुरक्षित है. इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम एशिया के संघर्ष पर चिंता जताते हुए कहा कि युद्ध किसी के लिए लाभकारी नहीं होता और यह विनाश का प्रतीक है.
इल्यासी ने उम्मीद जताई कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी शांति स्थापित करने में भूमिका निभा सकते हैं और क्षेत्र में शांति और स्थिरता आएगी.