scorecardresearch
 

पाक के आतंकी संगठन से व्हाट्सएप चैट, कर्नाटक में युवक गिरफ्तार, जांच एजेंसियां कर रहीं पूछताछ

कर्नाटक के दावणगेरे जिले में पाकिस्तान के एक संदिग्ध आतंकी संगठन से कथित संबंध रखने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया गया है. खुफिया एजेंसियों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी के मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है. मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मानकर जांच एजेंसियां सतर्क हैं.

Advertisement
X
कर्नाटक में युवक गिरफ्तार (Photo: representation image)
कर्नाटक में युवक गिरफ्तार (Photo: representation image)

कर्नाटक के दावणगेरे जिले में एक युवक को पाकिस्तान स्थित एक संदिग्ध आतंकी संगठन से कथित संबंध रखने के शक में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 20 साल के सुहैल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, सुहैल हाल ही में दावणगेरे जिले के हरिहर तालुक क्षेत्र में आया था और वहां पेंटर के रूप में काम कर रहा था. खुफिया एजेंसियों को उसके बारे में कुछ महत्वपूर्ण सूचनाएं मिली थीं, जिसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से मिले इनपुट के आधार पर स्थानीय पुलिस और खुफिया अधिकारियों ने संयुक्त अभियान चलाया.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को आरोपी को हिरासत में लिया गया और बाद में संबंधित जांच एजेंसी को सौंप दिया गया. हालांकि अधिकारियों ने जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिक जानकारी साझा करने से परहेज किया है.

प्राथमिक जांच में आरोपी के व्हाट्सएप अकाउंट से कुछ संदिग्ध सामग्री मिलने की बात सामने आई है. पुलिस का दावा है कि वह कथित तौर पर पाकिस्तान में मौजूद कुछ लोगों के संपर्क में था. फिलहाल डिजिटल उपकरणों और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है ताकि संपर्कों और बातचीत की प्रकृति का पता लगाया जा सके.

Advertisement

गौरतलब है कि इससे पहले 4 जून को भी कर्नाटक के तुमकुरु और दावणगेरे जिलों से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था. उन पर सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे एक व्यक्ति के संपर्क में रहने और भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ गतिविधियों की साजिश रचने का आरोप लगाया गया था.

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था या नहीं. साथ ही उसके संपर्कों, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है और आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement