कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके ने सोनम वांगचुक की हंगर स्ट्राइक को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि बुधवार को सोनम की भूख हड़ताल का 25वां दिन है और इतने दिनों तक बिना खाना खाए रहने से उनकी जान को गंभीर खतरा है. दिपके ने सोनम से अपील की है कि वे अपनी हंगर स्ट्राइक तोड़ दें. साथ ही उन्होंने साफ किया कि प्रोटेस्ट किसी भी हालत में रुकेगा नहीं.
अभिजीत दिपके ने कहा कि उन्हें सोनम वांगचुक की सेहत की बहुत चिंता है और वे नहीं चाहते कि उन्हें कोई नुकसान हो. इसी वजह से उन्होंने उनसे भूख हड़ताल खत्म करने का अनुरोध किया है. लेकिन इसके साथ ही दिपके ने यह भी कहा कि अगर वो अपनी हंगर स्ट्राइक तोड़ भी देते हैं, तो भी उनका प्रोटेस्ट जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक वे और उनके समर्थक पीछे नहीं हटेंगे.
दिपके ने यह भी भरोसा दिलाया कि यह प्रोटेस्ट पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से ही आगे बढ़ेगा. उन्होंने अपने सभी समर्थकों से अपील की कि वे भी शांति बनाए रखें और प्रदर्शन के दौरान कोई ऐसा काम न करें, जिससे प्रोटेस्ट या देश की छवि खराब हो.
उन्होंने कहा कि जो लोग गलत हरकतें करते हैं या गलत नारे लगाते हैं, उनका इस प्रोटेस्ट से कोई लेना देना नहीं है. ऐसे लोग न तो कभी इस आंदोलन का हिस्सा रहे हैं और न आगे रहेंगे.
यह भी पढ़ें: पटना में कांग्रेस दफ्तर घेरने पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ता, जमकर चलीं लाठियां, फेंके गए पत्थर
अपने बयान के अंत में अभिजीत दिपके ने कहा कि यह प्रोटेस्ट महात्मा गांधी और डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर के दिखाए रास्ते पर चलेगा. उन्होंने दोहराया कि आंदोलन पूरी तरह अहिंसक और शांतिपूर्ण रहेगा और उनकी पार्टी इसी तरीके से आगे भी अपनी मांगें उठाती रहेगी.