मिडिल ईस्ट जंग के बीच एयर ट्रैवल महंगा होने वाला है. ATF की कीमतों में उछाल के बीच एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला किया है. नई दरें गुरुवार से लागू हो जाएंगी.
खासकर यूरोप और UK रूट पर चार गुना तक बढ़ोतरी ने यात्रियों की जेब पर बड़ा असर डालने की आशंका बढ़ा दी है.
इंडिगो ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में खासतौर पर लंबी दूरी के रूट पर बड़ा बदलाव किया है. UK और यूरोप के डेस्टिनेशन्स के लिए फ्यूल सरचार्ज में चार गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी की गई है. पहले जहां यह शुल्क 2300 रुपए था, अब इसे बढ़ाकर 10 हजार रुपए कर दिया गया है.
ग्रीस और तुर्की जाने वाली उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज 7500 रुपए तय किया गया है.
वहीं, अफ्रीका रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अब 5000 रुपए का फ्यूल सरचार्ज देना होगा. घरेलू उड़ानों में भी इंडिगो ने बड़ा बदलाव किया है. 1000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाले रूट पर अब एक समान 425 रुपए का फ्यूल सरचार्ज नहीं लिया जाएगा.
इसकी बजाय फ्लाट की तय की जानी वाली दूरी के आधार पर अलग-अलग दरें तय की गई हैं.
नई व्यवस्था के तहत घरेलू उड़ानों में फ्यूल सरचार्ज 275 से लेकर 950 रुपए के बीच रहेगा. यानी यात्रा की दूरी जितनी ज्यादा होगी, उतना ही अधिक सरचार्ज देना पड़ेगा. इंडिगो का कहना है कि ATF की बढ़ती कीमतों का असर ऑपरेशन कॉस्ट पर पड़ रहा है.
इसके चलते यह कदम उठाना पड़ा है. हालांकि, इस बढ़ोतरी का सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा.