scorecardresearch
 

फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें क्यों चल रहीं लेट? रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताई वजह

दिवाली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस पीक सीजन में 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए 20 स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं.

Advertisement
X
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विपक्ष पर रेलवे को लेकर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया. (File Photo)
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विपक्ष पर रेलवे को लेकर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया. (File Photo)

दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़े स्तर पर इंतजाम किए हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस पीक सीजन में रेलवे 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चला रहा है. इसके अलावा 20 रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, ताकि यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करने के दौरान परेशानी न हो और भीड़ को नियंत्रित किया जा सके.

इन होल्डिंग एरिया में टिकट काउंटर भी शुरू किए गए हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विपक्ष पर पुराने वीडियो शेयर करके रेलवे के खिलाफ गलत नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने ऐसे वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की बात भी कही.

18 हजार स्पेशल ट्रेनें चला रहा रेलवे

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुताबिक, त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस साल 80 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाने की दिशा में काम हो रहा है. पिछले वित्त वर्ष में रेलवे ने 75 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं. मौजूदा पीक सीजन के लिए 18 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. उन्होंने बताया कि धनतेरस के दिन यात्रियों की सबसे ज्यादा भीड़ रही थी. अब छठ पूजा से तीन दिन पहले एक बार फिर यात्रियों की संख्या में बड़ा उछाल आने की संभावना है.

Advertisement

20 स्टेशनों पर बनाए गए होल्डिंग एरिया

रेलवे ने यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 20 प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए हैं. इनका मकसद यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर भीड़ लगाने के बजाय एक निर्धारित जगह पर इंतजार करने की सुविधा देना है. यात्रियों की सहूलियत के लिए इन होल्डिंग एरिया में ही टिकट काउंटर भी बनाए गए हैं. इससे टिकट लेने और ट्रेन में चढ़ने के दौरान होने वाली परेशानी कम करने में मदद मिलेगी.

28 स्टेशनों पर 24 घंटे निगरानी

रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे इस पीक सीजन में यात्रियों की भीड़ पर लगातार नजर रख रहा है. इसके लिए वॉर रूम बनाया गया है, जहां हीट मैप के जरिए 24 घंटे निगरानी की जा रही है. रेलवे की निगरानी में 28 स्टेशन हैं, जबकि 16 स्टेशनों पर सबसे ज्यादा भीड़ दर्ज की गई है. अधिकारियों को भीड़ की स्थिति के हिसाब से जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.

पुराने वीडियो फैलाने वालों पर होगी FIR

अश्विनी वैष्णव ने विपक्ष पर रेलवे को लेकर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कुछ पुराने वीडियो को मौजूदा स्थिति बताकर सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है. रेलवे ने ऐसे 78 वीडियो की पहचान की है. रेल मंत्री ने बताया कि रेलवे को ऐसे वीडियो पर नजर रखने और उन्हें फैलाने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने विपक्ष से इस तरह की राजनीति बंद करने की अपील भी की.

Advertisement

स्पेशल ट्रेनें लेट होने पर क्या बोले रेल मंत्री?

त्योहारों के दौरान स्पेशल ट्रेनों की देरी को लेकर भी रेल मंत्री ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि रेलवे लगातार स्पेशल ट्रेनों की निगरानी कर रहा है. हालांकि, इस समय यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों का ट्रैफिक भी काफी ज्यादा है. ऐसे में इसका असर स्पेशल ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ सकता है.

रेलवे ने बढ़ाई 36000 KM ट्रैक क्षमता

रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे ने पिछले कुछ वर्षों में करीब 36 हजार किलोमीटर अतिरिक्त ट्रैक का निर्माण किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 से पहले करीब 60 साल तक रेलवे में क्षमता बढ़ाने के लिए पर्याप्त काम नहीं हुआ. नरेंद्र मोदी सरकार बनने के बाद रेलवे बजट को आम बजट के साथ जोड़ने और इंफ्रास्ट्रक्चर की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement