हैदराबाद के माधोपुर इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया. यहां एक तेज रफ्तार DCM गाड़ी की टक्कर से स्कूटी सवार 22 वर्षीय आयशा की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद अब्दुल बासित गंभीर रूप से घायल है.
घटना के समय दोनों स्कूटर पर सवार होकर कहीं जा रहे थे. चश्मदीदों का कहना है कि टक्कर के बाद भी गाड़ी चलती रही और दोपहिया वाहन को कई किलोमीटर तक घसीटती रही.
स्थानीय लोगों और राहगीरों की सूझबूझ से DCM गाड़ी को जुबली हिल्स के पास रोक लिया गया और गाड़ी के क्लीनर को पुलिस के हवाले कर दिया गया. हालांकि, बताया जा रहा है कि ड्राइवर मौके से फरार हो गया.
घायलों को तुरंत पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान आयशा ने दम तोड़ दिया. अब्दुल बासित का इलाज अभी भी जारी है. देखें VIDEO:-
माधोपुर के इंस्पेक्टर कृष्णा मोहन के मुताबिक, इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. फरार ड्राइवर की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. गाड़ी को जब्त कर लिया गया है और हम यह पुष्टि कर रहे हैं कि गाड़ी ने वास्तव में कितनी दूरी तय की थी.