scorecardresearch
 

पहाड़ों पर सैलानियों की भीड़, सड़कों पर रेंगती गाड़ियां, 72 घंटे में शिमला पहुंचे 70 हजार वाहन

उत्तर और पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में जारी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और लू के थपेड़ों से बचने के लिए पर्यटकों ने हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय स्थलों की ओर दौड़ लगा दी है. इसके चलते पहाड़ों की रानी शिमला में पिछले 72 घंटों के भीतर रिकॉर्ड 70,000 वाहन पहुंचे हैं.

Advertisement
X
हिमाचल में उमड़ी सैलानियों की भीड़. (photo: PTI)
हिमाचल में उमड़ी सैलानियों की भीड़. (photo: PTI)

मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से बचने के लिए पर्यटक हिमाचल प्रदेश के प्रमुख हिल स्टेशनों की ओर उमड़ रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि खासतौर पर शिमला में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 दिनों में शिमला पहुंचने वाले वाहनों की संख्या 6,31,000 तक पहुंच गई है, जिनमें से 70,000 वाहन पिछले 72 घंटों में पहुंचे हैं.

अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल में पीक टूरिस्ट सीजन जून के पहले हफ्ते से शुरू होता है, लेकिन इस बार पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली समेत उत्तर और पश्चिम भारत में चल रही भीषण लू के कारण लोगों ने पहले ही पहाड़ों ओर अपना रुख कर लिया है. जिससे 'हिल्स की क्वीन' शिमला इस भीड़ से पूरी तरह भर चुकी है. शहर में लगातार ट्रैफिक जाम लग रहे हैं. इस स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पर्यटकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है.

24 घंटे में शिमला पहुंचे 3 लाख वाहन

अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 दिनों में चंडीगढ़-कालका रूट से 3 लाख 70 हजार वाहन शिमला पहुंचे, जबकि किन्नौर, बिलासपुर और कुल्लू रूट से भी बड़ी संख्या में वाहन आए.

एएसपी अभिषेक ने मंगलवार को समाचार एजेंसी को बताया कि पर्यटकों की अचानक बढ़ती आमद ने शिमला में लंबे वक्त से चली आ रही पार्किंग की समस्या को और भी बढ़ा दिया है.

एक हफ्ते में शिमला पहुंचे 1,54,450 वाहन

एएसपी ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में 1,54,450 वाहन शिमला में एंट्री कर चुके हैं, जिनमें से लगभग 70,000 वाहन केवल पिछले 72 घंटों में पहुंचे हैं, जिससे यातायात बुनियादी ढांचे पर दबाव बढ़ गया है.

अधिकारी ने बताया कि वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए, शहर भर में विशेष व्यवस्था की गई है. शिमला को पांच जोन में विभाजित किया गया है और प्रत्येक जोन में एक राजपत्रित अधिकारी को यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

Advertisement

वॉलंटियर्स की ली जा रही मदद

उन्होंने बताया कि बढ़ते वीइकल प्रेशर को देखते हुए पुलिस विभाग स्थानीय वॉलंटियर्स की भी बड़े पैमाने पर मदद ले रहा है. पुलिस ने पर्यटकों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने और जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करने की विशेष अपील की है. फिलहाल ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए हर संभव प्रशासनिक प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही ऊपरी शिमला की ओर जाने वाले वाहनों को शोगी-मेहली मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है.

अधिकारियों ने अनुमान जताया है कि जून महीने की शुरुआत से पर्यटकों की आमद में और ज्यादा भारी बढ़ोतरी होने वाली है. इसके लिए 31 मई को राज्य में चल रहे पंचायत चुनाव संपन्न होने के तुरंत बाद शिमला शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement