scorecardresearch
 

भीषण गर्मी का डबल अटैक, दिल्ली-यूपी समेत 5 राज्यों में पानी और बिजली के लिए लोग बेहाल

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दिल्ली, यूपी, राजस्थान, मध्यप्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों में पानी और बिजली संकट गहरा गया है. कई शहरों में लोग पानी के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि बढ़ती बिजली मांग के कारण ट्रांसफार्मर और सप्लाई सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है.

Advertisement
X
भीषण गर्मी के बीच दिल्ली-यूपी-जयपुर में पानी और बिजली का संकट गहरा गया है (Photo: PTI)
भीषण गर्मी के बीच दिल्ली-यूपी-जयपुर में पानी और बिजली का संकट गहरा गया है (Photo: PTI)

देश के अलग-अलग राज्यों में गर्मी से हालात बदतर होते जा रहे हैं. लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही. पानी और बिजली दोनों मोर्चों पर हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं.  लगातार भीषण गर्मी से जिंदगी बेहाल है. इसका साफ असर पानी और बिजली संकट के रूप में दिख रहा है. 

कहीं बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं, तो कहीं पानी की कमी लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बन गई है. हालात ऐसे हैं कि कई शहरों में लोग अब सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं.

जयपुर में पानी संकट पर सियासी घमासान

जयपुर में तपती धरती और पारे के टॉर्चर के बीच गुस्सा सरकार पर फूट रहा है. जयपुर में विपक्ष ने पानी संकट को लेकर मोर्चा खोल दिया. कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हाथों में बैनर, पोस्टर और झंडे लेकर सड़क पर उतर आए और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. गुस्सा इतना है कि आम लोग भी अफसरों से अपने हिस्से का पानी मांगते नजर आए.

इस प्रदर्शन में गहलोत सरकार में मंत्री रहे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह खाचरियावास भी शामिल हुए. उन्होंने सरकार पर लोगों की अनदेखी का आरोप लगाया.

Advertisement

दिल्ली में पानी के लिए हाहाकार

45 डिग्री की भीषण गर्मी के बीच दिल्ली के कई इलाकों में पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. देवली विधानसभा के दक्षिणपुरी के 10 ब्लॉक में हफ्तों से पानी नहीं आ रहा. महिलाओं का कहना है कि पानी की कमी के कारण उन्हें दफ्तर जाकर नहाना पड़ रहा है. लोगों की शिकायत है कि ढाई सौ से 300 घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा.

heatwave
गर्मी भरे दिन में एक लड़का एक बर्तन में पानी भर रहा है (Photo: PTI)


ऐसी ही तस्वीर सीमापुरी विधानसभा के दिलशाद गार्डन इलाके में भी दिखाई दे रही है, जहां वार्ड नंबर 219 से लेकर GTB एन्क्लेव तक कई दिनों से पानी की सप्लाई ठप पड़ी है.

यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में आग उगलती गर्मी, पहाड़ों पर बारिश-ओलों का अलर्ट... देश में मौसम के दो रंग

परेशान लोग खाली बाल्टियां और बोतलें लेकर दिल्ली जल बोर्ड दफ्तर का घेराव करने पहुंचे. बाद में स्थानीय विधायक भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचे.

यमुना का जलस्तर गिरा, सप्लाई पर असर

करीब 46 डिग्री की गर्मी झेल रही दिल्ली में वजीराबाद के पास यमुना नदी का जलस्तर काफी नीचे चला गया है. इसकी वजह से दिल्ली जल बोर्ड के दो बड़े वाटर ट्रीटमेंट प्लांट - वजीराबाद और चंद्रावल - से पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है. इसका असर मध्य, उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के कई इलाकों में दिख रहा है.

Advertisement

दिल्ली जल बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली की करीब 2.5 करोड़ आबादी के लिए रोजाना 473 करोड़ लीटर पानी की जरूरत है, जबकि सप्लाई केवल 380 करोड़ लीटर के आसपास हो पा रही है.

दिल्ली सरकार दावा कर रही है कि जरूरत पड़ने पर टैंकरों से पानी की सप्लाई की जाएगी, लेकिन ज़मीनी हालात सरकारी दावों की पोल खोल रहे हैं.

देवली के अलावा संगम विहार, दक्षिणपुरी, आंबेडकर नगर, खानपुर, तिगड़ी, मदनगीर, तुगलकाबाद एक्सटेंशन, कालकाजी के कुछ हिस्से और बदरपुर बॉर्डर के आसपास की कई कॉलोनियां पानी संकट से जूझ रही हैं.

इंदौर में पानी के लिए सड़क पर उतरे लोग

मिनी मुंबई कहलाने वाला इंदौर भी पानी संकट से परेशान है. करोड़ों के विकास और स्मार्ट सिटी के दावों के बीच लोग पानी के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं. भीषण गर्मी में जल संकट ने लोगों का सब्र तोड़ दिया. सैकड़ों लोगों ने चक्काजाम कर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया.

लोगों का आरोप है कि कई दिनों से पानी की नियमित सप्लाई नहीं हो रही. नलों में पानी नहीं आ रहा और जिन बोरवेलों के भरोसे लोग थे, वे भी जवाब दे चुके हैं. अब हालात ऐसे हैं कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी जुटाने में भारी परेशानी हो रही है.

Advertisement

यूपी में नौतपा का कहर

उधर उत्तर प्रदेश में भी गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है. नौतपा की शुरुआत के साथ ही राज्य के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं. बांदा, लखनऊ, आगरा, प्रयागराज, झांसी, जालौन, उरई और हमीरपुर जैसे शहरों में तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है. ऐसी गर्मी में लोगों को कोई राहत नजर नहीं आ रही.

आगरा में, गर्मी के मौसम में चिलचिलाती धूप के बीच शख्स पानी पीकर प्यास बुझाते हुए (Photo: PTI)


ट्रांसफार्मर ठंडे करने के लिए पानी और कूलर

झांसी से आई तस्वीरें हालात की गंभीरता बता रही हैं. वहां ट्रांसफार्मर को ठंडा रखने के लिए स्प्रिंकलर सिस्टम से लगातार पानी डाला जा रहा है. इसके साथ कूलर और पंखे भी लगाए गए हैं. थर्मोविजन कैमरों से बिजली लाइनों के तापमान पर लगातार नजर रखी जा रही है.

मुजफ्फरनगर में भी बिजली व्यवस्था पर भारी दबाव है. बिजली विभाग को उपकरणों को बचाने के लिए पंखे और कूलर लगाने पड़े हैं. बिजली विभाग का कहना है कि गर्मी की वजह से बिजली का लोड उम्मीद से डेढ़ गुना तक बढ़ गया है.

यूपी में टूटा बिजली डिमांड का रिकॉर्ड

भीषण गर्मी के बीच यूपी में बिजली की खपत भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के मुताबिक 24 मई की रात प्रदेश में 31 हजार 804 मेगावाट बिजली की डिमांड दर्ज की गई, जिसकी सप्लाई की गई. 

Advertisement

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ निर्देश दिए कि

  • शहरों में 24 घंटे बिजली दी जाए
  • गांवों में 18 घंटे बिजली की सप्लाई हो
  • बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी
  • लापरवाही पर कार्रवाई होगी

साथ ही डीएम, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए.

यह भी पढ़ें: देसी AC वाली स्कूटी आपने देखी? गर्मी से बचने के लिए शख्स ने किया गजब जुगाड़

सरकार के दावे बनाम जमीनी सच्चाई

सरकार भले ही दावा कर रही हो कि बिजली और पानी संकट से निपटने के लिए पूरी तैयारी है, लेकिन ज़मीनी हालात अलग कहानी बता रहे हैं. लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में लोग रातभर बिजली कटौती से परेशान हैं. दिन में भी कई घंटे बिजली गायब रहती है. दिल्ली में लोग पानी के लिए भटक रहे हैं, जबकि यूपी और दूसरे राज्यों में बिजली व्यवस्था भारी दबाव में है.

लोग पानी पीकर अपनी प्यास बुझाते हुए (Photo: PTI)


मजदूरों पर सबसे ज्यादा मार

इतनी भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा मुश्किल उन मजदूरों के सामने है, जो 45 से 50 डिग्री तापमान में भी काम करने को मजबूर हैं. कंस्ट्रक्शन वर्कर्स, रिक्शा चालक और दिहाड़ी मजदूर खुले आसमान के नीचे काम कर रहे हैं. उनके लिए गर्मी सिर्फ परेशानी नहीं, बल्कि रोजी-रोटी और जिंदगी दोनों की लड़ाई बन चुकी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement