scorecardresearch
 
Advertisement

Today News Updates: पंजाब के सरकारी अस्पतालों में मुफ्त होंगे कोरोना टेस्ट, निजी अस्पताल की फीस होगी 250 रुपये

aajtak.in | नई दिल्ली | 03 सितंबर 2020, 10:49 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्सनल वेबसाइट का टि्वटर अकाउंट देर रात हैक हो गया. हैकर ने कोविड-19 रिलीफ फंड के लिए डोनेशन में बिटक्वॉइन की मांग की. हालांकि तुरंत बाद में बोगस ट्वीट डिलीट कर दिए गए. वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिन के रूस दौरे पर हैं. दूसरी तरफ भारत के खिलाफ पाकिस्तान की एक बड़ी चाल को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 5 सदस्यों ने नाकाम कर दिया है.

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (फाइल फोटो) पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (फाइल फोटो)

हाइलाइट्स

  • पीएम की वेबसाइट का टि्वटर अकाउंट हैक
  • देश में 83,883 नए कोरोना वायरस के मरीज
  • तीन दिन के रूस दौरे पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह
  • लद्दाख पहुंचे सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे
10:49 PM (5 वर्ष पहले)

USISPF समिट में कोरोना पर फोकस रहा पीएम मोदी का संबोधन

Posted by :- kaushlendra singh

पीएम मोदी ने यूएस-इंडिया स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फोरम में शिरकत की. यूएसआईएसपीएफ एक गैर-लाभकारी संगठन है, जो भारत और अमेरिका की साझेदारी के लिए काम करता है. कोरोना संकट काल में पीएम मोदी का ये संबोधन काफी अहम है. यहां पढ़ें प्रधानमंत्री के संबोधन की खास बातें...

10:33 PM (5 वर्ष पहले)

पंजाब के सरकारी अस्पतालों में मुफ्ट होगा कोरोना टेस्ट

Posted by :- kaushlendra singh

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर बताया कि पंजाब में उन्होंने कोरोना के मुफ्ट टेस्ट कराने की इजाजत दे दी है. अमरिंदर सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा है कि हमने सरकारी अस्पतालों और मोबाइल वैन में मुफ्त वॉक-इन टेस्टिंग की अनुमति देने का फैसला किया है. इसके साथ ही उन्होंने बताया है कि निजी अस्पतालों द्वारा भी नाममात्र लागत पर समान टेस्ट किए जाएंगे जिसकी कीमत 250 रुपये से अधिक नहीं होगी. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बताया है कि ये फैसला कोविड-19 की टेस्टिंग को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है. इसके साथ ही उन्होंने अपने ट्वीट में सभी पंजाबियों से सुविधा का लाभ उठाने की अपील भी की है.

9:03 PM (5 वर्ष पहले)

UP: अयोध्या के नगर आयुक्त का तबादला, 8 PCS अफसरों का भी ट्रांसफर

Posted by :- kaushlendra singh

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच योगी सरकार ने यूपी में एक आईएएस और आठ पीसीएस अफसरों के तबादले के आदेश जारी कर दिए हैं. गुरुवार को जारी हुई इस तबादला सूची में आईएएस नीरज शुक्ला का भी नाम है. नीरज शुक्ला फिलहाल अयोध्या के नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे. उन्हें अब लखनऊ का अपर आवास आयुक्त बनाया गया है. यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

8:57 PM (5 वर्ष पहले)

CDS रावत बोले- चीन के साथ विवाद का फायदा उठाने की कोशिश में PAK

Posted by :- kaushlendra singh

चीन के साथ सीमा पर फिर से बने तनावपूर्ण माहौल के बीच सीडीएस बिपिन रावत ने भारत-अमेरिका पार्टनरशिप समिट पर आयोजित वेबिनार में कहा कि पाकिस्तान उत्तरी सीमाओं पर किसी भी खतरे का फायदा उठा सकता है और हमारे लिए मुसीबत खड़ी कर सकता है, लेकिन पाकिस्तान को इसके लिए खासा नुकसान उठाना पड़ेगा. यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

Advertisement
8:24 PM (5 वर्ष पहले)

कच्चे तेल से लदे जहाज में लगी आग, इंडियन नेवी ने की मदद

Posted by :- kaushlendra singh

भारत ने एक बार फिर एक अच्छे पड़ोसी होने का उदाहरण पेश किया. दरअसल, कच्चे तेल से लदे एक जहाज में आग लगने के बाद श्रीलंका की नेवी ने इंडियन कोस्ट गार्ड से मदद मांगी थी जिसके बाद भारत ने तुरंत बचाव दल को रवाना किया. यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

7:03 PM (5 वर्ष पहले)

दिल्ली में 9 सितंबर से खुल जाएंगे पब और बार, सर्व की जा सकेगी शराब

Posted by :- kaushlendra singh

अनलॉक- 4 में कई तरह की व्यवसायिक गतिविधियों को वापस शुरू करने की छूट दी गई है. मेट्रो सेवा भी कुछ दिन में शुरू होने वाली है. इस बीच नई जानकारी सामने आई है कि दिल्ली में 9 सितंबर से पब और बार को खोलने की इजाजत दे दी गई है. यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

6:19 PM (5 वर्ष पहले)

एलएसी पर यथास्थिति को बदलने की कोशिश हुई: विदेश मंत्रालय

Posted by :- Devang Gautam

LAC पर जारी तनाव को लेकर विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पिछले चार महीनों में हमने जो देखा है वह LAC पर यथास्थिति को बदलने के चीनी प्रयास का परिणाम है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने गुरुवार को कहा कि ग्राउंड कमांडर अभी भी मामले को सुलझाने में लगे हुए हैं. चीन ने एलएसी पर यथास्थिति को बदलने की कोशिश की है. हम उम्मीद करते हैं कि चीन एलएसी पर शांति बनाए रखने के मूल सिद्धांत का पालन करेगा. 

5:57 PM (5 वर्ष पहले)

दिल्ली मेट्रो ने दिखाई अपनी तैयारी, बदल जाएगा सफर

Posted by :- kaushlendra singh

दिल्ली मेट्रो की सेवाएं 7 सितंबर से चरणबद्ध तरीके से शुरू होंगी. उससे ठीक पहले दिल्ली मेट्रो ने अपनी तैयारी की नुमाइश की. दिल्ली मेट्रो ने मीडिया के सामने हर वो तैयारी दिखाई जिसके तहत मेट्रो यात्रा सुरक्षित होगी. आजतक के कुमार कुणाल पांच महीने बाद खुले राजीव चौक मेट्रो स्टेशन में गए, ये देखने कि आखिर क्या की गई हैं व्यवस्थाएं.

यहां क्लिक कर पढ़ें आजतक के रिपोर्टर की आंखोदेखी...

5:08 PM (5 वर्ष पहले)

गहलोत सरकार नहीं खरीदेगी नई गाड़ियां, महंगे सफर पर भी रोक

Posted by :- kaushlendra singh

राजस्थान सरकार भी आर्थिक संकट से निपटने के लिए अपने खर्चों पर कंट्रोल करने की कोशिश कर रही है. सीएम अशोक गहलोत ने इसे लेकर एक आदेश भी जारी किया है. आदेश के मुताबिक कोरोना के खिलाफ जंग में पैसा इकट्ठा करने के लिए राजस्थान सरकार ने राज्य में किसी भी तरह के नए वाहन और कोई भी नए उपकरण की खरीद पर रोक लगा दी है. इसके साथ ही अफसरों और नेताओं को फिलहाल इकोनॉमिक क्लास में ही सफर करना होगा.

यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

Advertisement
4:57 PM (5 वर्ष पहले)

2019 में 90 हजार से ज्यादा युवाओं ने की खुदकुशी

Posted by :- kaushlendra singh

2019 में 1.39 लाख से ज्यादा लोगों ने खुदकुशी की. नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में जितनी खुदकुशी की घटनाएं हुईं, उनमें 67% युवा वयस्क (18-45 आयुवर्ग) के थे. मंगलवार को जारी हुई NCRB रिपोर्ट “एक्सीडेंटल डेथ एंड सुसाइड इन इंडिया 2019’’ के मुताबिक 2019 में लगभग 1.39 लाख लोगों ने खुदकुशी की, जिनमें से 93,061 युवा वयस्क थे. यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

4:40 PM (5 वर्ष पहले)

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया इन पांच राज्यों पर पड़ी कोरोना की सबसे तगड़ी मार

Posted by :- kaushlendra singh

स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि देश में कोरोना के कुल एक्टिव केसों का करीब 62 फीसदी हिस्सा सिर्फ पांच राज्यों में है. और उन पांच राज्यों के कुल एक्टिव केसों के 25 प्रतिशत मामले सिर्फ महाराष्ट्र के हैं. ये पांच राज्य क्रमश: महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, यूपी और तमिलनाडु हैं. यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

2:18 PM (5 वर्ष पहले)

लिखित में सवाल पूछ सकेंगे सांसद

Posted by :- Himanshu Kothari

14 सितंबर से संसद सत्र शुरू होने वाला है. कोरोना संकट के कारण इस बार काफी बदलाव हुए हैं और प्रश्नकाल को हटा दिया गया है. विपक्ष की ओर से इस मसले पर घोर आपत्ति जताए जाने के बाद अब सरकार ने कुछ बदलाव किया है. अब संसद के मानसून सत्र के दौरान सांसद लिखित में सवाल पूछ सकेंगे, जिसका जवाब लिखित में ही मिलेगा.

1:55 PM (5 वर्ष पहले)

रीता बहुगुणा जोशी कोरोना पॉजिटिव

Posted by :- Himanshu Kothari

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद रीता बहुगुणा जोशी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं. उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के पीजीआई में भर्ती कराया जा रहा है. गले में खराश और तकलीफ की वजह से रीता बहुगुणा जोशी ने अपनी जांच कराई थी. उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है.

Advertisement
12:51 PM (5 वर्ष पहले)

संजय राउत ने मुझे धमकी दी: कंगना रनौत

Posted by :- Himanshu Kothari

फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस को लेकर लगातार बयानबाजी हो रही है. अब अभिनेत्री कंगना रनौत और शिवसेना नेता संजय राउत के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. अब कंगना रनौत ने ट्वीट कर लिखा है, 'शिवसेना नेता संजय राउत ने मुझे खुली धमकी दी है और कहा है कि मैं मुंबई वापस ना आऊं. पहले मुंबई की सड़कों में आजादी के नारे लगे और अब खुली धमकी मिल रही है. ये मुंबई पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की तरह क्यों लग रहा है?'

12:06 PM (5 वर्ष पहले)

स्थायी कमीशन मामले में महिला अधिकारियों को राहत नहीं

Posted by :- Himanshu Kothari

थल सेना में महिलाओं के स्थायी कमीशन के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. कट ऑफ डेट से बाहर होने की वजह से स्थायी कमीशन नहीं मिलने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची 17 महिला अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली. सुप्रीम कोर्ट ने महिला अधिकारियों के आवेदन को यह कहते हुए निपटाया कि अब यह संभव नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता की वकील मीनाक्षी लेखी से कहा कि एक तरह से आप फैसले में संशोधन कि मांग कर रही हैं, जो अब संभव नहीं है. आप इस आवेदन को वापस ले लें. आप चाहें तो पुनर्विचार याचिका दाखिल कर सकती हैं.

11:38 AM (5 वर्ष पहले)

वर्ल्ड नंबर-1 जोकोविच तीसरे दौर में

Posted by :- Himanshu Kothari

सर्बियाई स्टार नोवाक जोकोविच ने इस साल पहली बार टाईब्रेकर गंवाने के बाद चार सेट में जीत दर्ज कर यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया. विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच ने काइल एडमंड को 6-7 (5), 6-3, 6-4, 6-2 से हराया. पहला सेट एक घंटे से अधिक समय तक चला जिसे एडमंड ने टाईब्रेकर में अपने नाम किया. इससे पहले इस साल जोकोविच ने सभी 10 अवसरों पर टाईब्रेकर में जीत दर्ज की थी.

Advertisement
11:14 AM (5 वर्ष पहले)

लद्दाख पहुंचे सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे

Posted by :- Himanshu Kothari

भारत और चीन के बीच तनाव जारी है. लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (एलएसी) पर चीन की हर चाल का भारतीय जांबाज करारा जवाब दे रहे हैं. इस बीच सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे आज सुबह लद्दाख पहुंचे हैं. जहां उन्होंने दक्षिण पैंगोंग और अन्य जगहों पर हालात का जायजा लिया. यहां नरवणे ने परिचालन मुद्दों और जमीनी हालात का जायजा लिया.

10:29 AM (5 वर्ष पहले)

दुष्यंत दवे ने CJI को लिखी चिट्ठी

Posted by :- Himanshu Kothari

वरिष्ठ वकील और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) के अध्यक्ष दुष्यंत दवे ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) एसए बोबड़े को चिट्ठी लिखकर जस्टिस अरुण मिश्रा के विदाई समारोह में कथित रूप से बोलने से रोके जाने पर निराशा व्यक्त की. दवे ने सीजेआई को 'निराशा और कड़ी निंदा' व्यक्त करते हुए कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट द्वारा आयोजित किसी भी समारोह में फिर से हिस्सा नहीं लेंगे, जब तक उनका एससीबीए अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म नहीं होता है.

9:47 AM (5 वर्ष पहले)

देश में 83,883 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि

Posted by :- Himanshu Kothari

देश में कोरोना वायरस का संकट लगातार बढ़ता ही जा रहा है. पिछले 24 घंटों में देश में 83,883 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है. वहीं 1,043 लोगों की कोरोना के कारण मौत हुई है. वहीं अब तक देश में कुल कोरोना मरीजों की संख्या 3853406 हो चुकी है. इसके साथ ही देश में फिलहाल एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 815538 है. वहीं देश में 2970492 कोरोना मरीजों का इलाज हो चुका है. इसके अलावा 67376 लोगों की कोरोना वायरस के कारण जान जा चुकी है.

9:18 AM (5 वर्ष पहले)

दिलीप कुमार के छोटे भाई एहसान खान का निधन

Posted by :- Himanshu Kothari

बॉलीवुड एक्टर दिलीप कुमार के छोटे भाई एहसान खान का निधन हो गया. कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली. एहसान खान कई बीमारियां से ग्रसित थे. कुछ दिनों पहले ही दिलीप कुमार के छोटे भाई असलम खान का भी निधन हो गया था.

Advertisement
8:49 AM (5 वर्ष पहले)

UNSC में पाकिस्तान की नापाक कोशिश नाकाम

Posted by :- Himanshu Kothari

भारत के खिलाफ पाकिस्तान की एक बड़ी चाल को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के 5 सदस्यों ने नाकाम कर दिया है. दरअसल, पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से भारत के कुछ लोगों को आतंकी की लिस्ट में शामिल कराने की योजना बना रहा था, जिसे यूएनएससी के पांच देशों ने विफल कर दिया है. परिषद के ये पांच सदस्य देश हैं- अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और बेल्जियम. इन देशों ने एक सुर में आवाज उठाई कि पाकिस्तान बिना किसी ठोस सबूत के भारत के खिलाफ मामला उठा रहा है.

8:24 AM (5 वर्ष पहले)

भारत ने नॉर्थ फिंगर 4 को फिर अपने कब्जे में लिया

Posted by :- Himanshu Kothari

भारत और चीन के बीच बॉर्डर पर तनाव की स्थिति बरकरार है. बुधवार को ब्रिगेड कमांडर लेवल पर चर्चा हुई, लेकिन इसका कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. ऐसे में गुरुवार को फिर ये बातचीत जारी रह सकती है. मौजूदा हालात में बॉर्डर पर तनाव वाली जगह भारत की स्थिति मजबूत है यही कारण है कि बैठक में भारत का पलड़ा भारी दिख रहा है. लद्दाख में भारत ने काला टॉप हिल अपने अंडर में ले ली है, यही कारण है कि चीन इस वक्त सकते में है. दरअसल, ऊंची पहाड़ी पर कब्जा होने के कारण भारत की स्थिति मजबूत हो गई है यानी अगर हालात बिगड़ते हैं तो हिंदुस्तान को एडवांटेज होगा. यही कारण है कि बातचीत की टेबल पर भी भारत सख्त रवैया अपना रहा है और अपनी बात पर अड़ा हुआ है. इस बातचीत के बीच भारत ने लद्दाख में पैंगोंग इलाके में नॉर्थ फिंगर 4 को फिर अपने कब्जे में ले लिया है.

8:21 AM (5 वर्ष पहले)

ट्विटर ने मानी पीएम मोदी की वेबसाइट के अकाउंट हैक की बात

Posted by :- Himanshu Kothari

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्सनल वेबसाइट का ट्विटर अकाउंट (@narendramodi_in) बुधवार देर रात को हैकर्स द्वारा हैक कर लिया गया. लेकिन कुछ ही देर में इसे सुधार भी दिया गया. अब इस पूरे मामले पर ट्विटर की ओर से बयान आया है, जिसमें उसने हैकिंग को बात को स्वीकार किया है. ये हैकिंग बिल्कुल वैसी ही थी, जैसा कि कुछ दिनों पहले बराक ओबामा, एलन मस्क जैसी हस्तियों के अकाउंट हैक कर बिटक्वाइन की मांग की गई थी. ट्विटर का कहना है कि वो इस मामले की पूरी जांच कर रहे हैं. हालांकि अभी तक ये जानकारी नहीं है कि इस अकाउंट के अलावा किसी और अकाउंट पर भी फर्क पड़ा है या नहीं.

7:44 AM (5 वर्ष पहले)

रूस दौर पर राजनाथ सिंह

Posted by :- Himanshu Kothari

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक के लिए रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचे. हवाई अड्डे पर मेजर जनरल बी यू निकोलेविच ने उनका स्वागत किया. राजनाथ सिंह का तीन दिवसीय रूस दौरा ऐसे समय हो रहा है जब LAC पर भारत और चीन के बीच तनाव बना हुआ है. इससे पहले भी जब गलवान घाटी में भारत और चीनी सैनिकों में हिंसक झड़प हुई थी, तब भी राजनाथ सिंह रूस के दौरे पर गए थे. तब राजनाथ सिंह रूस की विक्ट्री डे परेड के 75 साल पूरे होने पर जश्न में शामिल हुए थे.

7:38 AM (5 वर्ष पहले)

पीएम मोदी की पर्सनल वेबसाइट का टि्वटर अकाउंट हैक

Posted by :- Himanshu Kothari

देर रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्सनल वेबसाइट का टि्वटर अकाउंट हैक हो गया. हैकर ने कोविड-19 रिलीफ फंड के लिए डोनेशन में बिटक्वॉइन की मांग की. हालांकि तुरंत बाद में बोगस ट्वीट डिलीट कर दिए गए. प्रधानमंत्री मोदी की पर्सनल वेबसाइट के टि्वटर अकाउंट पर क्रिप्टो करेंसी से जुड़े ट्वीट किए गए. टि्वटर अकाउंट पर एक मैसेज में लिखा गया 'मैं आप लोगों से अपील करता हूं कि कोविड-19 के लिए बनाए गए पीएम मोदी रिलीफ फंड में डोनेट करें.' बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्सनल वेबसाइट का जो वेरिफाइड ट्विटर अकाउंट है, उसके 25 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स हैं.

Advertisement
Advertisement