एयर इंडिया की न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही फ्लाइट को तकनीकी खराबी के कारण आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा. विमान में करीब 300 यात्री सवार थे. एयरलाइन के मुताबिक एहतियात के तौर पर विमान को उतारा गया. इसकी गहन तकनीकी जांच की जा रही है. यात्रियों को होटल में ठहराया गया है.
सूत्रों के अनुसार, न्यूयॉर्क से दिल्ली जा रहे इस एयर इंडिया के A350 विमान में करीब 300 यात्री सवार थे. विमान को डायवर्ट किए जाने से पहले यह लगभग छह घंटे तक हवा में रहा. एयर इंडिया के हवाले से बताया गया कि 15 मार्च को न्यूयॉर्क के जॉन एफ केनेडी एयरपोर्ट से फ्लाइट AI102 ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी.
उसको तकनीकी खराबी के कारण एहतियातन आयरलैंड के शैनन शहर की ओर मोड़ दिया गया. उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप विमान की इस समय विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है और इस प्रक्रिया में कुछ अतिरिक्त समय लग सकता है. उड़ान के दौरान विमान में कंपन और असामान्य शोर महसूस किया गया था.
इसी के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने विमान को शैनन डायवर्ट करने का फैसला लिया. बताया जा रहा है कि यह A350 विमान अप्रैल 2024 में ही एयर इंडिया के बेड़े में शामिल किया गया था. एयरलाइन ने शैनन एयरपोर्ट के अधिकारियों और अपने एयरपोर्ट पार्टनर के साथ मिलकर यात्रियों का ध्यान रख रही है.
एयर इंडिया के अनुसार यात्रियों के लिए भोजन और जलपान की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही इमिग्रेशन और कस्टम्स से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कराने में भी मदद की जा रही है. प्रभावित सभी यात्रियों को होटल में ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है.
इसके साथ ही कहा कि वो हर संभव प्रयास कर रही है कि सभी यात्री जल्द से जल्द अपनी दिल्ली की यात्रा पूरी कर सकें. इससे पहले दिन में एयरलाइन ने बताया था कि विमान स्थानीय समयानुसार सुबह 04:30 बजे शैनन एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से उतर गया था. विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं.