scorecardresearch
 

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 24 जुलाई 2026 की शाम की बड़ी खबरें और अन्य समाचार

कांग्रेस संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सर्कुलर जारी कर सभी प्रदेश कमेटी को इस बाबत निर्देश दिया है. उन्होंने छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कैंडल मार्च में सभी से शामिल होने की अपील की है.

Advertisement
X
कांग्रेस कल छात्रों के मुद्दों के समर्थन में कैंडल मार्च निकालने वाली है
कांग्रेस कल छात्रों के मुद्दों के समर्थन में कैंडल मार्च निकालने वाली है

कांग्रेस कल देशभर में कैंडलमार्च और सत्याग्रह करेगी. कांग्रेस संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सर्कुलर जारी कर सभी प्रदेश कमेटी को इस बाबत निर्देश दिया है. उन्होंने छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कैंडल मार्च में सभी से शामिल होने की अपील की है. वहीं, जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ 20 जुलाई को 'संसद चलो' मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के मामले में दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 27 जुलाई को सुनवाई होगी. पढ़ें शुक्रवार शाम की बड़ी खबरें.

पेपर लीक के विरोध में कल कांग्रेस का देशव्यापी मार्च, सभी से शामिल होने की अपील

कांग्रेस ने शनिवार यानि 25 जुलाई को देशभर में कैंडलमार्च और सत्याग्रह करने का ऐलान किया है. कांग्रेस संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सर्कुलर जारी कर सभी प्रदेश कमेटी को इस बाबत निर्देश दे दिया है. उन्होंने छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कैंडल मार्च में सभी से शामिल होने की अपील की है.

CJP और सरकार के बीच बातचीत खत्म, 10 मिनट चली मीटिंग

CJP प्रतिनिधियों और केंद्र सरकार के मंत्रियों के बीच शुक्रवार को संविधान क्लब में बैठक हुई. बैठक के बाद CJP प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया कि सरकार ने मुआवजे और प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई न करने के मुद्दे पर सकारात्मक रुख अपनाया है. इस दौरान उन्होंने साफ किया कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर कोई समझौता नहीं होगा.

Advertisement

धर्मेंद्र प्रधान नहीं देंगे इस्तीफा! सरकार का मानना- पद छोड़ना समाधान नहीं

नीट पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को सरकार ने खारिज कर दिया है. सरकारी सूत्रों का कहना है कि इस्तीफा देना सबसे आसान विकल्प है, लेकिन सरकार जिम्मेदारी निभाते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार करेगी. बताया जा रहा है कि पूरी पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ खड़ी है.

नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक किया गया बंद, इंटरचेंज भी नहीं कर सकेंगे यात्री

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में CJP के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर DMRC ने न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया है. ताजा अपडेट के मुताबिक, इस स्टेशन पर अब इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी. इससे पहले DMRC ने सुरक्षा कारणों से शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने की घोषणा की थी.

जंतर-मंतर प्रदर्शन: छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ SC में याचिका, 27 जुलाई को होगी सुनवाई

जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ 20 जुलाई को 'संसद चलो' मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के मामले में दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में 27 जुलाई को सुनवाई होगी. याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस ने अत्यधिक बल प्रयोग किया. जंतर-मंतर पर यह प्रदर्शन CJP के आह्वान पर शुरू हुआ था.

Advertisement

पेपर लीक पर संशोधित बिल को मोदी कैबिनेट की मंजूरी, 10 साल जेल और ₹10 करोड़ जुर्माने का प्रावधान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को CCS और CCEA की बैठकों के बाद के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक हुई जिसमें  संशोधित पेपर लीक बिल के मसौदे पर चर्चा पर चर्चा हुई और उसे मंज़ूरी दी गई. सरकार अगले सप्ताह मानसून सत्र के दौरान इस संशोधित विधेयक को संसद में पेश करने की तैयारी में है.  

एशियन गेम्स में क्रिकेट का ड्रॉ जारी, श्रेयस ब्रिगेड को मिला नॉकआउट का टिकट, महिला टीम क्वार्टर फाइनल में जापान से भिड़ेगी

एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए ड्रॉ और ग्रुप्स का ऐलान हो गया है. भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका की पुरुष टीमों को रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है. वहीं, अफगानिस्तान, हॉन्ग कॉन्ग, जापान, मलेशिया, नेपाल और ओमान को ग्रुप स्टेज से गुज़रना होगा. टीम इंडिया की कमान श्रेयस अय्यर संभालेंगे.

क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार बने DSP, सीएम सम्राट चौधरी ने सौंपा नियुक्ति पत्र

बिहार सरकार ने भारतीय क्रिकेट टीम के तेज़ गेंदबाज़ आकाश दीप और मुकेश कुमार को डीएसपी पद पर नियुक्ति पत्र सौंपा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कुल 19 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी, छात्रवृत्ति और सम्मान राशि प्रदान की है. बिहार सरकार द्वारा इस साल अब तक 106 खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है.

Advertisement

वंदे मातरम् गाने में बाधा डालने पर होगी जेल, सरकार राज्यसभा में लाई बिल

गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में शुक्रवार 'राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026' पेश किया. विपक्ष के विरोध और हंगामे के बीच पेश हुए इस बिल पर चर्चा की शुरुआत नहीं हो सकी. हंगामे के कारण उपसभापति हरिवंश ने सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी है.

भारतीय शतरंज के लिए ऐतिहासिक दिन, विश्वनाथन आनंद बने FIDE के अंतरिम अध्यक्ष

भारतीय शतरंज के दिग्गज विश्वनाथन आनंद को अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. यह फैसला तब लिया गया जब EU ने मौजूदा FIDE अध्यक्ष अर्काडी द्वोरकोविच पर रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े प्रतिबंध लगा दिए. आनंद पहले से ही FIDE में उपाध्यक्ष की भूमिका निभा रहे थे और संगठन के प्रशासनिक कार्यों से जुड़े हुए थे. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement