दिल्ली एनसीआर में आज सुबह झमाझम बारिश होने के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया. वहीं, नीदरलैंड ने भारतीय टीम को हॉकी वर्ल्ड कप के अहम मुकाबले में 3-1 से हरा दिया. इन खबरों के अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम से मुलाकात की. पढ़ें रविवार सुबह की बड़ी खबरें.
दिल्ली-एनसीआर में 'रेनी संडे', सुबह-सुबह हुई झमाझम बारिश, कई इलाकों में जलभराव
दिल्ली, नोएडा, ग़ाज़ियाबाद और गुरुग्राम में मौसम ने आज सुबह अचानक करवट ली और काले बादलों के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी और ईस्ट विनोद नगर में झमाझम बारिश हुई. वहीं, नोएडा और आसपास के इलाक़ों में भी तेज़ बारिश से कई जगह जलभराव हो गया.
IND vs NED: भारत को हॉकी वर्ल्ड कप में लगा बड़ा झटका, नीदरलैंड ने 3-1 से दी शिकस्त
नीदरलैंड के एम्सटलवीन स्थित वेगनर स्टेडियम में हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के अहम मुक़ाबले में भारत को 3-1 से हार मिली. तीसरे क्वार्टर में हुई एक सेकेंड की चूक टीम इंडिया पर भारी पड़ी. पहला गोल करने के बाद नीदरलैंड ने लय पकड़ ली. 52वें मिनट में होएडेमेकर्स ने शानदार टच से गोल कर नीदरलैंड की बढ़त 3-1 कर दी.
'नवीन' टीम से पीएम मोदी की मुलाकात, युवाओं तक पहुंच बढ़ाने पर दिया जोर
नई दिल्ली में शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने BJP की नई राष्ट्रीय टीम से मुलाक़ात की. 17 अगस्त को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा 65 सदस्यीय टीम के ऐलान के बाद यह पहली मुलाक़ात थी. पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में PM मोदी ने करीब साढ़े चार घंटे बिताए और नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं. इस दौरान चाय पर चर्चा और ग्रुप फ़ोटो भी हुई.
बिहार की पुष्पा को राष्ट्रपति के हाथों मिलेगा पुरस्कार, बच्चों को अनोखे अंदाज में पढ़ाने के लिए हैं फेमस
बिहार के गोपालगंज की शिक्षिका पुष्पा प्रसाद ने सरकारी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के अनोखे अंदाज़ से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है. पुष्पा का चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए हुआ है. देशभर के चुने गए 48 शिक्षकों में उनका नाम शामिल है. 5 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उन्हें सम्मानित करेंगी.
दिल्ली में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, 1777 मरीज मिले, एडवाइजरी जारी
नई दिल्ली में H1N1 यानी स्वाइन फ़्लू के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं. दिल्ली सरकार के मेडिकल विभाग ने नई एडवाइज़री जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विभाग ने भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने और लक्षण दिखने पर डॉक्टर से सलाह लेने को कहा है. इस साल अब तक 2602 इन्फ्लुएंजा मामले मिले हैं, जिनमें 1777 H1N1 के हैं.
पत्नी सुनीता संग तलाक विवाद के बीच गोविंदा पहुंचे हॉस्पिटल, पैप्स को किया इग्नोर, Video
पत्नी सुनीता संग तलाक़ विवाद के बीच गोविंदा शनिवार शाम मुंबई के जुहू स्थित एक अस्पताल के बाहर नज़र आए. चेहरे पर मास्क लगाए एक्टर को देखकर फ़ैंस चिंतित हो गए. पैप्स ने उनकी तबीयत जानने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई बात नहीं की और हाथ हिलाकर अपनी गाड़ी में बैठ गए. हालांकि, उनके अस्पताल जाने की वजह सामने नहीं आई है.
पहाड़ों पर बारिश से बुरा हाल... मसूरी-देहरादून हाईवे फिर बंद, मंडी में भी भूस्खलन
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश के बीच भूस्खलन ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मसूरी-देहरादून मार्ग पर शनिवार सुबह पहाड़ का मलबा सड़क पर आ गया, जिससे कुछ देर यातायात रुका रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई. प्रशासन ने आवाजाही शुरू करा दी, लेकिन भारी वाहनों पर रोक है. वहीं, हिमाचल के मंडी में भूस्खलन के बाद तीन घर खाली कराए गए.
रक्षाबंधन पर महिलाओं को CM योगी का बड़ा तोहफा: 27 अगस्त से मुफ्त बस यात्रा; चीनी की कालाबाजारी पर भी सख्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को बड़ा तोहफ़ा दिया है. राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए मुफ़्त यात्रा की घोषणा की है. यह सुविधा 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक लागू रहेगी. ख़ास बात यह है कि महिला यात्री के साथ एक सहयोगी भी फ्री यात्रा कर सकेगा.
भूकंप के जोरदार झटकों से दहल उठा जापान, टोक्यो में अफरातफरी... 23 लोग जख्मी
जापान में रविवार तड़के भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए. टोक्यो समेत पूर्वी जापान के कई इलाक़ों में आए भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.9 मापी गई. 23 लोग घायल हुए हैं, जिनमें ज़्यादातर को मामूली चोटें आईं. भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी में 70 किमी गहराई में था. सुनामी का कोई ख़तरा नहीं है और बड़े नुक़सान की सूचना नहीं है.
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का दो दिवसीय यूपी दौरा, जानें पूरा शेड्यूल
भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार 24 और 25 अगस्त को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे लखनऊ में छात्रों, निर्वाचन अधिकारियों और क़रीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से संवाद करेंगे. दौरे का मक़सद चुनावी प्रक्रिया को ज़मीनी स्तर पर मज़बूत करना और युवाओं को इससे जोड़ना है. 24 अगस्त को वे छात्रों से बातचीत करेंगे.