महाराष्ट्र के वाशिम जिले के कारंजा ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार आकर रुकी और उसमें से उतरे एक शख्स ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से कहा, साहब, मेरी गाड़ी में मेरी पत्नी की लाश है. मैंने उसे मार डाला. यह सुनते ही पुलिसकर्मी भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए. पुलिस तुरंत कार के पास पहुंची, जहां महिला का शव मौजूद था. आरोपी के साथ उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे भी कार में थे.
उत्तर प्रदेश से नासिक जा रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के कलौदा निवासी सलमान खान के रूप में हुई है. उसने खुद को पेशे से बिल्डिंग ठेकेदार बताया है. सलमान अपनी पत्नी हसीना बानो और तीन मासूम बच्चों के साथ महाराष्ट्र के नासिक जा रहा था. यात्रा के दौरान वर्धा शहर से समृद्धि महामार्ग पर पहुंचने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया.
शक के चलते हुआ विवाद, फिर कर दी हत्या
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पति को अपनी पत्नी पर शक था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कार के अंदर विवाद हुआ. पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने समृद्धि महामार्ग पर कार रोक दी. इसके बाद उसने लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर वार किया. वार इतना जोरदार था कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई. आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और उसने पत्नी के दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया.
शव और बच्चों के साथ तय किया 60 से 70 KM का सफर
हत्या करने के बाद आरोपी पत्नी के शव और तीनों बच्चों को लेकर कार से आगे बढ़ गया. पुलिस के मुताबिक, वह समृद्धि महामार्ग पर करीब 60 से 70 किलोमीटर तक गाड़ी चलाता रहा. इसके बाद उसने महामार्ग छोड़ दिया और सुबह करीब पांच बजे कारंजा ग्रामीण पुलिस स्टेशन पहुंच गया. वहां उसने खुद पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी.
घटनास्थल तलाशने पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए कारंजा ग्रामीण पुलिस ने तुरंत कारंजा शहर पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी अमर चोरे को सूचना दी. इसके बाद थाना प्रभारी आरोपी और उसके तीनों बच्चों को लेकर घटनास्थल की तलाश में निकले. हालांकि, अंधेरा होने के कारण आरोपी घटनास्थल की सही पहचान नहीं करा सका. बाद में सभी को वापस कारंजा पुलिस स्टेशन लाया गया.
पुलिस स्टेशन में खेलते रहे मासूम बच्चे
पूरी घटना से अनजान तीनों मासूम बच्चे पुलिस स्टेशन में इधर-उधर घूमते और खेलते रहे. उन्हें यह भी पता नहीं था कि उनकी मां की मौत हो चुकी है और उनके पिता पुलिस हिरासत में हैं. बच्चों की हालत देखकर पुलिसकर्मियों का भी मन पसीज गया. पुलिसकर्मी उन्हें बिस्किट खिलाते और पानी पिलाते नजर आए.
हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी
कारंजा के पुलिस उपविभागीय अधिकारी मनीष ठाकरे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.