महाराष्ट्र के मशहूर मालशेज घाट स्थित कालू वॉटरफॉल के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. इस दुर्घटना में पुणे के दो पर्यटकों की कालू नदी में डूबने से मौत हो गई, जबकि स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से एक पर्यटक को सुरक्षित बचा लिया गया.
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय रमन विजय अन्नापुरे और 18 वर्षीय शाम साठे के रूप में हुई है. पुलिस की मानें तो अन्नापुरे पुणे के एक कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे और नांदेड़ के रहने वाले थे. जबकि शाम साठे बुलढाणा के निवासी थे और पुणे में अपने भाई के साथ रह रहे थे.
शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों मृतक वॉटरफॉल पर अपने-अपने दोस्तों के साथ अलग-अलग घूमने आए थे. ये दोनों एक-दूसरे को नहीं जानते थे. भारी बारिश के कारण नदी का बहाव तेजी से बढ़ रहा था. इससे बेफिक्र ये लोग वॉटरफॉल को एंजॉय कर रहे थे. इसी दौरान साठे नदी के तेज बहाव के कारण बह गया.
पुलिस के मुताबिक यह घटना दोपहर लगभग डेढ़ बजे की है. वहीं, अन्नापुरे कालू नदी पार करने की कोशिश कर रहा था, जिस दौरान उसकी मृत्यु हो गई. घटना दोपहर 3:30 बजे की है.
यह भी पढ़ें: टूटी थी पैर की हड्डी, डॉक्टर ने कर दिया दिल का ऑपरेशन, महिला की मौत के बाद मचा बवाल
पुलिस ने बताया कि ये दोनों ट्रेकिंग और टूरिज़्म ग्रुप के साथ यहां आए थे. प्रशासन की ओर से मालशेज घाट और हरिश्चंद्रगढ़ इलाके में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगाई थी, लेकिन इसके बावजूद ये ग्रुप वहां पहुंचा था. बारिश के चलते पुलिस ने एहतियातन 26 जुलाई तक कालू वॉटरफॉल पर जाने से रोक लगाई थी.
लेकिन इन लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और वहां पहुंच गए. कालू नदी की तेज लहरों में बहने के कारण इनकी मौत हो गई. पुलिस और बचाव टीम ने घटनास्थल से दोनों शवों को बरामद किया.