scorecardresearch
 

ऑपरेशन टाइगर का डर! उद्धव ने अपने सभी सांसदों को बुलाया 'मातोश्री', जानें​ कितने पहुंचे

'ऑपरेशन टाइगर' के तहत कुछ सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के संपर्क में होने की अटकलों के बीच उद्धव ठाकरे ने शिवसेना (यूबीटी) सांसदों को 'मातोश्री' बुलाया. इस बैठक में पार्टी के नौ में से 8 सांसद ​फिजिकली और ऑनलाइन शामिल हुए, जबकि परभणी सांसद संजय जाधव अनुपस्थित रहे.

Advertisement
X
उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई पार्टी सांसदों की बैठक में शिवसेना (यूबीटी) के परभणी सांसद संजय जाधव नहीं पहुंचे. (File Photo: ITG)
उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई पार्टी सांसदों की बैठक में शिवसेना (यूबीटी) के परभणी सांसद संजय जाधव नहीं पहुंचे. (File Photo: ITG)

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को मुंबई स्थित अपने आवास 'मातोश्री' पर पार्टी सांसदों की बैठक बुलाई. यह बैठक ऐसे समय में बुलाई गई, जब महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चा है. ऐसी अटकलें लग रही हैं कि शिवसेना (यूबीटी) के कुछ सांसद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं. 

वहीं, शिवसेना (यूबीटी) से जुड़े सूत्रों ने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक मुद्दों की समीक्षा करना और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करना है. कुछ सांसदों के प्रतिद्वंद्वी शिवसेना गुट के संपर्क में होने की खबरों के बाद पार्टी नेतृत्व ने सभी सांसदों को एक साथ बुलाकर स्थिति का आकलन करने का फैसला किया है. उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई इस बैठक में पार्टी के 9 में से 8 सांसद शामिल हुए, जबकि परभणी सांसद संजय जाधव अनुपस्थित रहे. 

उद्धव की बैठक से संजय जाधव रहे नदारद

मातोश्री में हुई इस बैठक में शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत भी मौजूद रहे. बैठक में चार सांसदों ने शारीरिक रूप से हिस्सा लिया, जबकि 4सांसद ऑनलाइन माध्यम से जुड़े. बैठक में जो सांसद फिजिकली मौजूद रहे उनमें- अरविंद सावंत (दक्षिण मुंबई), अनिल देसाई (मुंबई दक्षिण मध्य), राजाभाऊ वाजे (नासिक) और संजय दीना पाटिल (मुंबई उत्तर-पूर्व) शामिल हैं. वहीं संजय देशमुख (यवतमाल-वाशिम), भाऊसाहेब वाकचौरे (शिरडी) और ओमराजे निंबालकर (धाराशिव) और नागेश पाटिल अष्टीकर (हिंगोली) ऑनलाइन जुड़े. वहीं, संजय जाधव की अनुपस्थिति ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है, क्योंकि वह हाल के कुछ पार्टी कार्यक्रमों में भी शामिल नहीं हुए थे.

Advertisement

संजय राउत का पार्टी में संकट से इनकार

शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग में कुछ पार्टी सांसदों के फिजिकली नहीं मौजूद रहने और संजय जाधव की अनुपस्थिति को पार्टी में आंतरिक संकट से जोड़ने की अटकलों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि संजय जाधव की पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे से फोन पर बात हुई है. ओमराजे निंबालकर ने पहले ही पार्टी को सूचित कर दिया था कि उनका बेटा अस्पताल में भर्ती है, इस कारण वह बैठक में फिजिकली शामिल नहीं हो सकेंगे. भाऊसाहेब वाकचौरे की पत्नी बीमार थीं, इसलिए वह बैठक से ऑनलाइन जुड़े. संजय देशमुख अपनी बेटी की शादी के कारण बैठक में ऑनलाइन शामिल हुए.

राउत ने 'ऑपरेशन टाइगर' पर कसा तंज

उन्होंने कहा कि यह एक नियमित संगठनात्मक बैठक है, जैसी पार्टी अपने विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ समय-समय पर करती रहती है. बैठक से पहले 'ऑपरेशन टाइगर' को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने कहा कि पिछले दो वर्षों से इस तरह की बातें सुनने को मिल रही हैं, लेकिन अब तक कुछ भी सामने नहीं आया है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की चर्चाओं का इस्तेमाल राजनीतिक संदेश देने के लिए किया जा रहा है. संजय राउत ने 'ऑपरेशन टाइगर' का जवाब 'ऑपरेशन फॉक्स' से देने की बात कही.

Advertisement

एकनाथ शिंदे की शिवसेना का भी खंडन

वहीं, शिंदे गुट के नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने भी 'ऑपरेशन टाइगर' की खबरों को सिरे से खारिज किया. उन्होंने कहा कि ऐसा कोई अभियान नहीं चलाया जा रहा है. शिरसाट ने दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) के कई नेता और जनप्रतिनिधि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं. हालांकि, उन्होंने कहा कि किसी भी सांसद या नेता के भविष्य को लेकर अंतिम फैसला एकनाथ शिंदे ही करेंगे. शिवसेना के विभाजन के बाद से दोनों गुटों के बीच राजनीतिक खींचतान लगातार जारी है और दोनों पक्ष संगठन और जनप्रतिनिधियों पर अपना प्रभाव बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement