scorecardresearch
 

शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे गिरफ्तार, नागपुर से यूपी पुलिस ने दबोचा

शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को 11 दिन की तलाश के बाद नागपुर से गिरफ्तार किया गया है. यूपी एसटीएफ की वाराणसी यूनिट, लखनऊ पुलिस और नागपुर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर को भी पकड़ा गया. पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी.

Advertisement
X
शिवा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे गिरफ्तार. (Photo: ITG)
शिवा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे गिरफ्तार. (Photo: ITG)

लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र के शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को पुलिस ने 11 दिन की मशक्कत के बाद नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है. उसे नागपुर के वर्धा रोड स्थित चिंच भवन से पकड़ा गया. यूपी एसटीएफ की वाराणसी यूनिट और लखनऊ कमिश्नरेट की टीम ने नागपुर पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की. श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश को भी गिरफ्तार किया गया है. तीनों पर ₹50-₹50 हजार का इनाम घोषित था. नागपुर क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल ने श्रद्धा की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. लखनऊ पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लखनऊ लाया जा रहा है. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा दुबे रविवार को लखनऊ में हाई कोर्ट में गिरफ्तारी पर रोक से जुड़े कागजात पर दस्तखत करने के बाद चालक दानिश के साथ फरार हो गई थी. उसकी बहन रश्मि दुबे भी उसके साथ थी. इसके बाद से ही लखनऊ पुलिस और यूपी एसटीएफ की टीमें तीनों की तलाश में जुटी थीं. हजरतगंज थाने में 9 अक्टूबर 2026 को वादिनी रंजना शर्मा की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 216/2026 दर्ज किया गया था. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया था. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीनों पर ₹50-₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था.

कानपुर नंबर की गाड़ी से मिला सुराग

श्रद्धा दुबे और उसके साथियों की तलाश के दौरान जांच टीमों को कानपुर नंबर की एक गाड़ी के बारे में जानकारी मिली. बताया जा रहा है कि श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और चालक दानिश के साथ इसी गाड़ी से घूम रही थी. इस सुराग के आधार पर एसटीएफ ने जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों की लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की. जांच के दौरान टीमों ने आईपी एड्रेस को ट्रैक किया. इसी तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस नागपुर में श्रद्धा दुबे के ठिकाने तक पहुंच गई. यूपी एसटीएफ की वाराणसी यूनिट और लखनऊ पुलिस की टीमें लगातार आरोपियों का पीछा कर रही थीं.

Advertisement

नागपुर से आगे फरार होने की कोशिश में थी श्रद्धा

यूपी एसटीएफ के मुताबिक, श्रद्धा दुबे लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी और पुलिस से बचने की कोशिश कर रही थी. एजेंसी ने उसके व्यवहार को एक पेशेवर भगोड़े जैसा बताया. पुलिस के अनुसार, वह नागपुर से भी आगे फरार होने की कोशिश में थी, लेकिन संयुक्त टीम ने उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई में श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और चालक दानिश को गिरफ्तार किया गया है. तीनों को नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लखनऊ लाया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, शिवा शर्मा हत्याकांड में आगे की जांच और अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई जारी है. बता दें,  श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और दानिश को नागपुर जिला कोर्ट में पेश किया जाएगा. यूपी पुलिस तीनों का ट्रांजिट रिमांड लेने की प्रक्रिया पूरी करेगी. रिमांड मिलने के बाद पुलिस आज रात ही तीनों को लखनऊ ले जा सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement