महाराष्ट्र के सांगली से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. जहां एक पिता ने चोरी के शक के आधार पर अपनी ही सगी बेटियों पर अमानवीय अत्याचार किया और उन्हें पूरी रात उल्टा लटकाए रखा. जिससे 10 वर्षीय सानिका की मौत हो गई. जबकि 11 वर्षीय अनुजा की हालत गंभीर हो गई. इस घटना से इलाका पूरी तरह से हिल गया है. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया.
दरअसल सांगली के बनपुरी गांव एक पिता ने अपनी दो बेटियों को चोरी के शक में उल्टा लटका दिया. दोनों बेटियां रातभर लटकी रहीं, जिससे एक की मौत हो गई. बताया जाता है कि बनपुरी में पड़ोसियों द्वारा लड़कियों पर चोरी का शक जताया गया था. जिसके बाद उनके निर्दयी पिता, दादू हैबत यमगरने ने दोनों बेटियों, सानिका और अनुजा के हाथ-पैर बांध दिए. फिर बुधवार को शाम लगभग 5 बजे उन्हें अपने घर के छत के एक लोहे के एंगल से उल्टा लटका दिया.
यह भी पढ़ें: मां बनी हैवान, 4 वर्षीय बच्ची की गला दबाकर की हत्या... शव को घर के पीछे दफनाया
इसके बाद ये मासूम बच्चियां पूरी रात दर्द से कराहती रहीं, और बार-बार "पानी, पानी" चिल्लाती रहीं. हालांकि उनके माता-पिता ने उन्हें पानी की एक बूंद भी नहीं दी. ऊपर से खुद चेन की नींद सो गए. अगली सुबह यानी गुरुवार को सुबह 6 बजे, लड़कियों के दादा ने उन्हें बंधनमुक्त किया और नीचे उतारा. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और सानिका की मौत हो चुकी थी. जबकि अनुजा बेहोशी की हालत में थी.
गुपचुप अंतिम संस्कार भी करने जा रहा था परिवार
अनुजा को उसकी घायल अवस्था में तुरंत एक अस्पताल ले जाया गया, जबकि मृत सानिका को एक दूसरे निजी अस्पताल में ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने पुष्टि कर दी कि सानिका की मृत्यु हो चुकी है. इतना ही नहीं बच्ची की मौत पर परिवार के सदस्यों ने गुपचुप तरीके से सानिका का अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया. लेकिन इसी दौरान अनुजा को होश आ गया और उसने पूरी यातना के बारे में डॉक्टर को बता दिया.
जिसके बाद डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी. फिलहाल पुलिस ने इस मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. दावा यह भी किया जा रहा है कि आरोपी पिता ने बेटियों को नीचे उतारने के लिए पिता पर भी हमला कर दिया. आटपाडी के पुलिस इंस्पेक्टर विनय बहिर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.