महाराष्ट्र के पुणे जिले के नसरापुर में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के मामले में लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है. इस बीच एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया है, जहां 65 साल के आरोपी के अपने परिवार ने ही उससे किनारा कर लिया है और उसके लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है. आरोपी की पत्नी और बेटे ने साफ तौर पर कहा है कि उनका उससे पिछले दस वर्षों से कोई संबंध नहीं है और वो किसी भी तरह से उससे जुड़ना नहीं चाहते. इस मामले में परिवार की प्रतिक्रिया ने पूरे मामले को और ज्यादा गंभीर बना दिया है.
आरोपी की पत्नी ने गहरी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि जिस जगह उस मासूम बच्ची की हत्या हुई, उसी जगह उसे भी पत्थरों से कुचलकर मार देना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह अपने पति का चेहरा भी नहीं देखना चाहतीं. उनका कहना है कि अगर उसकी मृत्यु हो जाए तो भी उन्हें इसकी सूचना न दी जाए. पत्नी ने यह भी कहा कि पिछले दस वर्षों से उनका आरोपी से कोई संपर्क नहीं है. उन्होंने अदालत से मांग की कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए. उनके अनुसार, इस तरह के अपराध के लिए सामान्य सजा पर्याप्त नहीं है. उन्होंने कहा कि उसे उसी तरह कुचलकर मार देना चाहिए और उसे जला दिया जाए तो भी उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ेगा.
तीन साल की बच्ची से दरिंदगी पर लोगों में गुस्सा
आरोपी के बेटे ने भी अपने पिता के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उसने कहा कि ऐसे व्यक्ति को अपना पिता कहने में उसे शर्म आती है. उसने कहा कि उनके घर जन्म लेना ही उसे अपना सबसे बड़ा अपराध लगता है. बेटे ने कहा कि जिस मासूम बच्ची के साथ यह घटना हुई, उसे देखकर उसे अपनी भतीजी याद आ गई. उसने बताया कि उसके परिवार में 11 भतीजे और भतीजियां हैं और इस घटना ने उसे अंदर तक हिला दिया है. उसने कहा कि इस पूरी घटना से उनका परिवार मानसिक रूप से गहरे आघात में है.
उसने भी आरोपी के लिए सख्त सजा की मांग करते हुए कहा कि उसे फांसी दी जानी चाहिए या फिर उसी जगह पत्थरों से कुचलकर मार देना चाहिए जहां उसने यह जघन्य अपराध किया. इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वह फिलहाल पुणे ग्रामीण पुलिस की हिरासत में है. उस पर एक मई को हुए कथित अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के आरोप हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष जांच दल का गठन किया है. इस टीम का नेतृत्व एक वरिष्ठ महिला अधिकारी कर रही हैं, ताकि जांच निष्पक्ष और तेजी से पूरी की जा सके. घटना के बाद से इलाके में लोगों के बीच गुस्सा है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग लगातार उठ रही है. समाज के हर वर्ग से इस घटना की कड़ी निंदा की जा रही है.
पुलिस हिरासत में आरोपी, SIT कर रही मामले की जांच
यह मामला केवल एक आपराधिक घटना नहीं बल्कि समाज को झकझोर देने वाली घटना बन गया है. खास बात यह है कि आरोपी के अपने परिवार ने भी उसे ठुकरा दिया है और उसके लिए दया की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि आरोपी को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जा सके.