महाराष्ट्र के पुणे से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां खुद को धार्मिक व्यक्ति बताने वाला एक स्वयंभू बाबा महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनका शोषण करता था. आरोपी की पहचान ऋषिकेश वैद्य के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने पिंपरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, यह मामला एक 35 वर्षीय महिला की शिकायत के बाद सामने आया. पीड़िता ने बताया कि साल 2023 में उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए आरोपी से हुई थी. बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को भगवान का बड़ा भक्त बताया और पूजा-पाठ सिखाने के नाम पर धीरे-धीरे उसका विश्वास जीत लिया.
विश्वास में लेने के बाद आरोपी ने महिला को पुणे के मांजरी इलाके के एक लॉज में बुलाया. वहां उसने कथित तौर पर महिला को नशीला पदार्थ दिया और उसके साथ रेप किया. घटना के बाद महिला को आरोपी की असलियत का पता चला, जिसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराई.
यह भी पढ़ें: झूमर की लाइट बंद, मतलब केबिन में No Entry... बाबा अशोक खरात की 'कोड लैंग्वेज', स्टाफ समझ जाता था इशारा
पीड़िता ने शुरुआत में वसई के माणिकपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था, जिसे बाद में पुणे के हडपसर पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया. मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था.
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पिंपरी इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने इसी तरह और भी महिलाओं को अपना शिकार बनाया है.
एजेंसी के अनुसार, पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के पालघर जिले के स्वयंभू बाबा को पुणे में पकड़ा गया है. उस पर आरोप है कि उसने 35 साल की एक महिला के साथ रेप किया था. महिला ने पुलिस से की गई शिकायत में कहा कि आरोपी पालघर में एक सामाजिक संस्था चलाता है. उसने घटना के समय तस्वीरें खींच ली थीं, उन तस्वीरों को लेकर वह ब्लैकमेल करने लगा था. वहीं वैद्य ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है और दावा किया है कि उसके खिलाफ झूठा केस दर्ज किया गया है.