महाराष्ट्र में पुणे के देहूरोड इलाके में बुधवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां भाजपा के कार्यकर्ता रमेश रेड्डी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9 बजे रमेश रेड्डी सवाना चौक पर मौजूद थे. उसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी. हमलावरों ने करीब 16 राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली उनके सिर में लगी. गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद देहूरोड क्षेत्र में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पिंपरी- चिंचवड़ पुलिस ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया.
बताया जा रहा है कि रमेश रेड्डी भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता थे और उनका नाम कुछ विवादित गतिविधियों में भी सामने आता रहा है. मटका कारोबार से भी उनके जुड़े होने की चर्चा है, हालांकि फिलहाल यह कारोबार बंद बताया जा रहा है.
इस हत्या का कनेक्शन पिछले साल हुई उनके भाई विक्रम गुरुस्वामी रेड्डी की हत्या से भी जोड़ा जा रहा है. विक्रम रेड्डी की एक जन्मदिन पार्टी के दौरान गोलीबारी में मौत हो गई थी, जहां विवाद किसी और के बीच हुआ था लेकिन वे इसका शिकार बन गए थे.
खास बात यह है कि उस मामले के आरोपी अभी भी जेल में हैं और उन्हें जमानत नहीं मिली है. बावजूद इसके, उस केस में किसी तरह के समझौते (कॉम्प्रोमाइज) को लेकर विवाद था क्या, इस एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है.
फिलहाल देहूरोड पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर हमलावरों की तलाश कर रही है. इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.