महाराष्ट्र के नागपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सिर्फ 20 रुपये के विवाद में 76 साल के एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मामला नागपुर के बुटीबोरी इलाके का है, जहां चप्पल की सिलाई के पैसों को लेकर शुरू हुए झगड़े ने खूनी मोड़ ले लिया.
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को आरोपी दिलीप पवार (35) अपनी चप्पल सिलवाने के लिए मोची की दुकान पर गया था. मोची ने चप्पल की मरम्मत कर दी. जब पैसे देने की बारी आई तो दिलीप ने 20 रुपए देने से इनकार कर दिया.उसी दुकान पर 76 साल के जयसिंह राजाराम भैंसवार भी मौजूद थे. उन्होंने दिलीप से कहा कि काम हो गया है तो 20 रुपये दे दो. इसी बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई.
लोहे के औजार से किया वार
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दिलीप ने राजाराम से गाली-गलौज शुरू कर दी. गुस्से में उसने वहीं दुकान पर रखा मोची का काम करने वाला लोहे का त्रिकोना औजार उठा लिया और बुजुर्ग जयसिंह के सिर पर दे मारा.
यह भी पढ़ें: मां-मामा ने पहले पीटा, फिर गला घोंटकर की हत्या... शिवानी में 22 वर्षीय युवती की हत्या से सनसनी
वार इतना तेज था कि बुजुर्ग खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े. आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें उठाया और एम्स नागपुर ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, दिलीप के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया.
फिलहाल अब आरोपी बुटीबोरी पुलिस की हिरासत में है और उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा. घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. सिर्फ 20 रुपए से शुरू हुए विवाद ने इतना खतरनाक मोड़ ले लिया.