scorecardresearch
 

'बचाओ… बचाओ…', चीखता रहा गार्ड, हमले करता रहा बदमाश- मुंबई के मीरा रोड कांड का VIDEO आया सामने

मुंबई के मीरा रोड में सिक्योरिटी गार्ड्स पर चाकू से हमले का वीडियो सामने आया है, जिसमें पीड़ित मदद की गुहार लगाता दिख रहा है. आरोपी जैब अंसारी ने धर्म पूछने के बाद हमला किया. पुलिस ने उसे डेढ़ घंटे में गिरफ्तार कर लिया. मामले की जांच अब ATS कर रही है.

Advertisement
X
मिरा रोड में गार्ड्स पर हमले का वीडियो सामने आया (Photo: Screengrab)
मिरा रोड में गार्ड्स पर हमले का वीडियो सामने आया (Photo: Screengrab)

मुंबई के मीरा रोड इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक सिक्योरिटी गार्ड्स पर लगातार चाकू से हमला करता नजर आ रहा है. इस वीडियो में पीड़ित की दर्द भरी आवाज भी सुनाई देती है, जो बार-बार कोई बचाओ कहकर मदद की गुहार लगा रहा है. यह घटना मिरा रोड ईस्ट के एक निर्माणाधीन भवन में तड़के करीब 4 बजे हुई, जहां दो सिक्योरिटी गार्ड ड्यूटी पर तैनात थे. इन गार्ड्स की पहचान राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो सेन के रूप में हुई है.

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर लगातार चाकू से वार कर रहा है और एक गार्ड जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहा है. कुछ ही देर बाद वह वहां से भागने में सफल होता है, जबकि हमलावर मौके से फरार हो जाता है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 31 वर्षीय जैब अंसारी के तौर में हुई है. जांच में सामने आया कि उसने गार्ड्स से पहले उनके धर्म के बारे में पूछा और यह भी पूछा कि क्या वे कलमा पढ़ सकते हैं. जब गार्ड्स ने इससे इनकार किया, तो उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया. 

कोई बचाओ चिल्लाता रहा गार्ड, हमलावर करता रहा वार

हमले में राजकुमार मिश्रा को गंभीर चोटें आई हैं. उनके पेट में गहरी चोट लगी है और आंतों को नुकसान पहुंचा है. वहीं सुब्रतो सेन को पीठ पर हल्की चोटें आई हैं. बताया गया कि हमले के दौरान सुब्रतो किसी तरह भागकर एक सिक्योरिटी केबिन में छिप गए, जिससे उनकी जान बच गई. घटना के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इन फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे मिरा रोड ईस्ट के नयानगर इलाके में उसके किराए के घर से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बताया कि घटना के करीब डेढ़ घंटे के भीतर ही आरोपी को पकड़ लिया गया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: नाम और धर्म पूछा, फिर कहा- कलमा पढ़ो, मुंबई में गार्ड्स पर चाकू से हमला

शुरुआती जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी जैब अंसारी आईएसआईएस से जुड़े प्रचार वीडियो देखा करता था. इस जानकारी के बाद मामले को और गंभीरता से लिया गया है. इसी को देखते हुए अब इस केस को एंटी टेररिज्म स्क्वॉड को सौंप दिया गया है. एटीएस अब इस बात की जांच करेगी कि क्या इस हमले के पीछे कोई वैचारिक या कट्टरपंथी सोच जुड़ी हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. लोग इस तरह की घटना से चिंतित हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है.

एक गार्ड गंभीर घायल, दूसरे ने छिपकर बचाई जान

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं. घटना ने एक बार फिर यह दिखाया है कि किस तरह अचानक और बिना किसी चेतावनी के ऐसी वारदात हो सकती है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के इरादों और उसके पीछे की मानसिकता को समझने के लिए गहराई से जांच की जा रही है. साथ ही, यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस घटना के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या योजना थी. फिलहाल दोनों घायलों का इलाज चल रहा है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement