scorecardresearch
 

जंगल से निकलकर सड़क पार कर रहा था तेंदुआ, वाहन ने मार दी जोरदार टक्कर, मौके पर हो गई मौत

महाराष्ट्र के कल्याण-मुरबाड हाइवे पर एक तेंदुए की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई. तेंदुआ रात के समय सड़क पार कर रहा था, उसी दौरान ये घटना हुई. जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. मृत तेंदुए का पंचनामा कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. इसी के साथ संबंधित वाहन चालक की तलाश की जा रही है.

Advertisement
X
वन टीम करवा रही है पोस्टमार्टम. (Photo: ITG)
वन टीम करवा रही है पोस्टमार्टम. (Photo: ITG)

महाराष्ट्र के कल्याण-मुरबाड हाइवे पर दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां बाप सई गांव के पास एक तेंदुए की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई. इस घटना के बाद एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा और हाइवे पर उनकी आवाजाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

हादसा देर रात उस समय हुआ, जब तेंदुआ जंगल से निकलकर सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया.

leopard dies after speeding vehicle hit while crossing road highway

सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे तेंदुए का शव देखा और तुरंत वन विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मृत तेंदुए का पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: नागपुर में बर्ड फ्लू से 3 बाघ और एक तेंदुए की मौत, टाइगर रिजर्व और रेस्क्यू सेंटर्स के लिए अलर्ट जारी

Advertisement

घटना के बाद मृत तेंदुए का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं. नागरिकों में भी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि जंगल से सटे हाइवे पर अक्सर वन्यजीव सड़क पार करते हैं, लेकिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण उनके लिए यह जानलेवा साबित हो रहा है.

स्थानीय नागरिकों और वन्यजीव प्रेमियों ने मांग की है कि ऐसे संवेदनशील इलाकों में वाहनों की गति सीमा सख्ती से लागू की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यह क्षेत्र में आसपास के जंगलों में तेंदुए मौजूद हैं, जो भोजन और पानी की तलाश में अक्सर सड़क पार करते हैं. ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है. फिलहाल वन विभाग अज्ञात वाहन की तलाश में जुटा हुआ है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement