शिवसेना ने कश्मीरी अलगाववादी नेताओं की तुलना 'विषैले नाग' और 'कुत्ते' से की है. पार्टी के मुखपत्र में छपी संपादकीय में लिखा गया है, 'अलगाववादी नेताओं की दुम हमेशा टेढ़ी रहेगी. कश्मीर घाटी में अलगाववादी पाकिस्तान द्वारा पाले गए विषैले नाग हैं.'
कश्मीर में पाकिस्तान का झंडा दोबारा लहराए जाने और उनके समर्थन में हुई नारेबाजी की घटना पर टिप्पणी करते हुए सामना में लिखा गया कि, 'पाकिस्तानी राजकर्ता (शासन) और मसरत आलम, सयैद गिलानी, मिरवाइज उमर फारुख जैसे अलगाववादी नेताओं की दुम हमेशा टेढ़ी ही रही है. और आगे भी सीधी होने की संभावना नहीं है.'
शिवसेना ने कहा, 'कश्मीर घाटी में अलगाववादी पाकिस्तान द्वारा पोसे गए विषैले नाग हैं. उनके फन कुचले बिना इस टेढ़ी दुम की एंठ हमेशा के लिए नहीं खत्म होगी.'
गौरतलब है कि गुरुवार को श्रीनगर में अलगावादियों ने पाकिस्तान का झंडा लहराया. हुर्रियत नेता में उनके समर्थकों ने 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे भी लगाए. मामला उठने के बाद हुर्रियत नेता मीरवाइज उमर फारुख को नजरबंद कर दिया गया है. इससे पहले अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी की रैली में भी पाक के झंडे लहराए थे.