scorecardresearch
 

AC कोच में यात्रियों को बनाता था निशाना, 39 मामलों का आरोपी चोर 26.31 लाख के जेवर के साथ गिरफ्तार

नवी मुंबई के पनवेल रेलवे स्टेशन पर CCTV निगरानी के दौरान रेलवे पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ पहले से 39 मामले दर्ज हैं. आरोपी AC कोच में सफर करने वाले यात्रियों के बैग चुराकर फरार हो जाता था. उसके पास से 26.31 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद हुए हैं.

Advertisement
X
मडगांव रेलवे पुलिस को सौंपा गया आरोपी.(Photo: Representational)
मडगांव रेलवे पुलिस को सौंपा गया आरोपी.(Photo: Representational)

रेलवे पुलिस ने ट्रेनों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. आरोपी के पास से 26.31 लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी AC कोच में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाकर उनके बैग चोरी करता था.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी 41 वर्षीय रघु सुमन खोसला के रूप में हुई है. उसे नवी मुंबई के पनवेल रेलवे स्टेशन पर नियमित CCTV निगरानी और एंटी-सबोटाज चेकिंग के दौरान हिरासत में लिया गया.

यह भी पढ़ें: नवी मुंबई भारी बारिश के बीच गिरा पेड़ और मलबा, बड़ा हादसा टला, ट्रैफिक डायवर्ट

रेलवे पुलिस के मुताबिक, 17 जुलाई को आरोपी मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस के AC कोच से उतरने के बाद संदिग्ध तरीके से घूमता हुआ दिखाई दिया. उसकी गतिविधियों पर शक होने के बाद पुलिस ने उसे रोककर बैग की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण मिले.

बैग की तलाशी में खुला राज, जवाब नहीं दे पाया आरोपी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब आरोपी से बरामद जेवरों के बारे में पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद उसे तत्काल हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ शुरू की गई.

Advertisement

जांच के दौरान सामने आया कि बरामद जेवर 17 जुलाई को नेत्रावती एक्सप्रेस में हुई चोरी से जुड़े हैं. इस घटना में केरल जा रही एक महिला यात्री का हैंडबैग चोरी हो गया था, जिसमें सोने-चांदी के जेवरों के अलावा एक iPhone भी रखा हुआ था. चोरी की यह वारदात कर्नाटक के कारवार स्टेशन के पास हुई थी.

इस मामले में गोवा के मडगांव स्थित कोंकण रेलवे पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था. पुलिस अब बरामद सामान को उसी मामले से जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

39 मामलों का हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी

रेलवे पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि रघु सुमन खोसला कोई सामान्य चोर नहीं, बल्कि एक आदतन अपराधी है. उसके खिलाफ मुंबई रेलवे नेटवर्क के अलावा देश के विभिन्न राज्यों में चोरी और अन्य अपराधों के कुल 39 मामले दर्ज हैं.

पुलिस के अनुसार, आरोपी खास तौर पर एक्सप्रेस ट्रेनों के AC कोच में यात्रा करता था और मौका मिलते ही यात्रियों के बैग लेकर फरार हो जाता था. लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी.

CCTV फुटेज और लगातार निगरानी की मदद से आखिरकार रेलवे पुलिस उसे पकड़ने में सफल रही. अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से ट्रेन में होने वाली कई चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है.

Advertisement

मडगांव रेलवे पुलिस को सौंपा गया आरोपी

रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(c) के तहत मामला दर्ज किया है. यह धारा आवास या परिवहन के दौरान चोरी से संबंधित अपराधों पर लागू होती है.

गिरफ्तारी के बाद आरोपी की कस्टडी और बरामद किए गए सभी सोने-चांदी के जेवर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए गोवा के मडगांव स्थित कोंकण रेलवे पुलिस स्टेशन को सौंप दिए गए हैं.

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने देश के अलग-अलग हिस्सों में और कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की संलिप्तता तो नहीं थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement