scorecardresearch
 

महाराष्ट्र: लॉकडाउन नहीं, लेकिन वैसी ही सख्ती मुमकिन, कैबिनेट मीटिंग के बाद अंतिम फैसला

महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच रविवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे कैबिनेट मीटिंग करने वाले हैं. माना जा रहा है कि मीटिंग के बाद नई गाइडलाइंस आ सकती हैं. राज्य में सख्ती और ज्यादा बढ़ाई जा सकती है.

Advertisement
X
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (फाइल फोटो-PTI)
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (फाइल फोटो-PTI)
स्टोरी हाइलाइट्स
  • कैबिनेट मीटिंग में तय होगी कोरोना गाइडलाइंस
  • लॉकडाउन की उम्मीद कम, पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी चालू रहेगा

महाराष्ट्र में कोरोना से हालात बिगड़ते जा रहे हैं. इस बीच रविवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे कैबिनेट की मीटिंग करने वाले हैं. माना जा रहा है कि इस मीटिंग के बाद राज्य में सख्ती बढ़ाई जा सकती है. कहा जा रहा है कि फिलहाल राज्य में टोटल लॉकडाउन तो नहीं लगाया जाएगा, लेकिन सख्ती लॉकडाउन से कम भी नहीं होंगी. कैबिनेट मीटिंग के बाद महाराष्ट्र में कोरोना को रोकने के लिए कैसी और कितनी सख्ती दिखानी है, इसकी जानकारी मिल सकती है.

सूत्रों से पता चला है कि महाराष्ट्र में टोटल लॉकडाउन लगाने की गुंजाइश बहुत कम है. लेकिन सरकार कोरोना की चेन तोड़ने के लिए कम समय के बहुत सख्त गाइडलाइन लागू कर सकती है. कैबिनेट मीटिंग के बाद नई गाइडलाइंस जारी हो सकती हैं. माना जा रहा है कि सरकार वर्क फ्रॉम होम को तवज्जो देगी. हालांकि, स्टाफ में सभी लोगों को वैक्सीन लग चुकी है, तो बिना किसी पाबंदी के ऑफिस से काम हो सकता है. लोगों के बेवजह घूमने पर रोक लग सकती है. पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी बंद नहीं होंगे, लेकिन सरकार यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए कह सकती है.

फिल्म जगत से भी उद्धव की अपील
शनिवार को सीएम उद्धव ठाकरे ने कोरोना को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए फिल्म जगत से अपील की. उन्होंने फिल्म जगत, मराठी नाटककारों, मल्टीप्लेक्स के प्रतिनिधियों, सिनेमा ऑपरेटर्स और लोगों से कोरोना वायरस को लेकर जागरुकता लाने के लिए आगे आने और मिलकर काम करने की अपील की है. उन्होंने कहा, "ये समय किसी को जिम्मेदार ठहराने का नहीं है और न ही कमियां ढूंढने का है. कोरोना से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं, ये हमें स्वीकार करना होगा." मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने ये अपील मराठी नाट्य निर्माता संघ और प्रदेश के मल्टीप्लेक्स, सिनेमा ऑपरेटर्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में की थी.

Advertisement

महाराष्ट्र में 50 हजार नए केस
कोरोना वायरस ने महाराष्ट्र में सबसे घातक रूप अख्ति‍यार किया हुआ है. शनिवार को 24 घंटें में यहां 49,447 नए केस आए और 277 मौतें हुईं. देश में कुल केस का आधे से ज्यादा सिर्फ महाराष्ट्र से है. राज्य में फिलहाल 21 लाख से ज्यादा लोग होम कोरंटाइन में हैं. राज्य में एक्टि‍व केसों की संख्या 4 लाख से ऊपर पहुंच गई है. वहीं, मुंबई में शनिवार को रिकॉर्ड 9,090 नए केस आए और 27 मौतें हुईं. राजधानी मुंबई में शनिवार तक 62,187 केस एक्टिव हैं. शहर में 681 बिल्डिंग को सील किया गया है. 

 

Advertisement
Advertisement