महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर शहर से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां एक परिवार पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूटा कि मां और उसके आठ वर्षीय बेटे की अलग-अलग घटनाओं में एक ही दिन मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में शोक और संवेदना का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, बल्लारपुर निवासी 30 वर्षीय केता दीपक सूर्यवंशी 8 जून को अपने घर में खाना बनाने के दौरान आग लगने से गंभीर रूप से झुलस गई थीं. उनकी हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे. इधर केता सूर्यवंशी के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनका 8 वर्षीय बेटा वंश दीपक सूर्यवंशी अपने दादा शीतल छगु सूर्यवंशी के साथ घर पर रह रहा था.
पोते की मौत की खबर से दादा के पैरो तले जमीन खिसक गई
शनिवार को वंश करीब 11 बजे घर से निकला और लापता हो गया , काफी ढूंढने पर भी वंश का कहीं भी पता नहीं लगा. शाम तक पोता वंश घर नहीं लौटा तो दादा शीतल सूर्यवंशी ने पुलिस में वंश के गुमशुदगी की रिपोर्ट दी. दूसरे दिन सुबह पड़ोसी ने हड़बड़ाकर दादा को बताया की आपका पोता मिल गया है, तो दादा ने राहत की सास ली. लेकिन जैसे ही पड़ोसी ने बताया की उनका पोता मरा हुआ मिला है तो दादा के पैरो के तले जमीन खिसक गई.
दरअसल घर के पास बने नाले में वंश की लाश मिली. सभी हैरान हैं कि आखिर वंश नाले में कैसे गिरा और कैसे उसकी मौत हो गई? अंदेशा जताया जा रहा है कि खेलते-खेलते वंश नाले के पास गया होगा और पैर फिसलने से नाले में गिरा होगा और उसकी मौत हो गई. सबसे दुखद और चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस दिन वंश की नाले में गिरने से मौत हुई, उसी दिन नागपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मां केता सूर्यवंशी ने भी दम तोड़ दिया.
मां और बेटे की एक ही दिन हुई मौत से सदमे में परिवार के लोग
अलग-अलग स्थानों पर हुई इन दो घटनाओं ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. मृतक वंश के दादा शीतल सूर्यवंशी ने बताया कि खाना बनाते समय बहु केता को कैसे आग लगी पता नहीं? उसे पहले बल्लारपुर के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती किया गया, बाद में जिला अस्पताल और फिर नागपुर में भर्ती किया गया. पोता वंश मेरे पास ही था वो नाले के पास कैसे गया पता ही नहीं चला? उसके गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में की थी लेकिन दूसरे दिन नाले में उसका शव मिला.
मां और बेटे की एक ही दिन हुई मौत की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं. पुलिस के अनुसार वंश की मौत के मामले में बल्लारपुर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. वहीं केता सूर्यवंशी के आग में झुलसने और उपचार के दौरान हुई मौत के मामले की भी जांच की जा रही है. इस घटना के पीछे कोई साजिश तो नहीं पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है.