केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मुंबई के स्किंडिया हाउस स्थित आयकर कार्यालय की इन्वेस्टिगेशन विंग में तैनात आयकर निरीक्षक को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है. CBI ने 27 अक्टूबर 2026 को मुंबई के एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर आयकर निरीक्षक सुभाष कुमार यादव, इंस्पेक्टर, DDIT, इन्वेस्टिगेशन विंग, आयकर, मुंबई और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था.
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी आयकर निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी. यह रकम आयकर विभाग की बेनामी प्रोहिबिशन यूनिट के पास लंबित बेनामी संपत्ति से जुड़े उसके मामले को बंद कराने के लिए मांगी गई थी.
बातचीत के बाद आरोपी 15 लाख रुपये की रिश्वत लेने के लिए सहमत हो गया. इसके बाद CBI ने 27 अक्टूबर 2026 को जाल बिछाया. इस दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 15 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया.
आरोपी के ठिकानों पर हुई तलाशी
CBI ने आरोपी के परिसरों में तलाशी भी ली. तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए. गिरफ्तार आरोपी को आज मुंबई की सक्षम अदालत में पेश किया गया. अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. उसकी पुलिस हिरासत 30 अक्टूबर 2026 तक रहेगी.मामले में आगे की जांच जारी है.