झारखंड में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में बड़ा हादसा हो गया. गिरिडीह, दुमका और लातेहार जिलों में बिजली गिरने से कुल 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक नौ लोगों की मौत गिरिडीह जिले में हुई है.
खोरीमहुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके अनुमंडल के तहत तीन थाना क्षेत्रों में बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हुई और तीन अन्य घायल हो गए. इनमें से सबसे बड़ा हादसा देवरी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां खेल खत्म होने के बाद एक जगह बैठे लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई. इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए. मृतकों में चार की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच बताई गई है.
सबसे ज्यादा नौ मौतें गिरिडीह जिले में हुईं
उन्होंने बताया कि गवां और नौडीहा थाना क्षेत्रों में भी एक-एक व्यक्ति की बिजली गिरने से मौत हुई. दुमका जिले में रामगढ़ और हंसडीहा थाना क्षेत्रों में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई. इन घटनाओं में एक बच्चे सहित चार लोग घायल हुए हैं. पुलिस के अनुसार, घायलों का इलाज कराया जा रहा है.
पुलिस ने सभी घटनाओं की जांच और कार्रवाई शुरू की
वहीं लातेहार जिले के चंदवा और सदर थाना क्षेत्रों में हुई अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई. लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि इन घटनाओं में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है. ृ पुलिस ने सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं के बाद प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है..