झारखंड के गिरिडीह में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर उनसे देह व्यापार कराने वाले सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया है, जबकि इस पूरे धंधे की मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला गांव की नाबालिग लड़कियों को काम दिलाने का झांसा देकर गिरिडीह शहर बुलाती थी और बाद में उनसे जबरन अश्लील काम करवाती थी.
छापेमारी के दौरान दो नाबालिगों को पचंबा थाना क्षेत्र के बोडो इलाके से बरामद किया गया. पुलिस सूत्रों ने बताया कि पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार को बरामद हुई दोनों नाबालिग लड़कियों ने फोन के माध्यम से सूचना दी थी कि उन्हें वहां जबरन रखकर अश्लील काम कराया जा रहा है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए बोडो इलाके में छापा मारा और दोनों नाबालिगों को मुक्त कराया. पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी.
हालांकि, पचंबा पुलिस ने सूचना के आधार पर जांच करते हुए उसे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया से गिरफ्तार कर लिया. बरामद नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों सगी जुड़वां बहनें हैं. उन्होंने बताया कि मंगलवार को जब उन्होंने घर जाने की जिद की तो आरोपी महिला ने उनके साथ गाली-गलौज की और बाहर जाने से रोक दिया. घर जाने नहीं दिए जाने पर उन्होंने किसी तरह पुलिस को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद यह कार्रवाई संभव हो सकी.
नाबालिग लड़कियों ने पुलिस पूछताछ में बताया की उक्त महिला के द्वारा उन्हें काम का झांसा दिया गया था, लेकिन काम दिलवाने के बहाने उनसे जबरदस्ती देह व्यापार करवाया जाता था. विरोध करने पर महिला के द्वारा नाबालिगों को प्रताड़ित किया जाता था. नाबालिगों ने बताया की उनके साथ और भी कई नाबालिग लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर लाया जाता था और अलग अलग जगह भेजा जाता था.
दोनों नाबालिगों को बोडो में करीब 15 दिन से रखा गया था और उनसे जबरदस्ती अश्लील काम करवाया जाता था. इधर,पूरे मामले को लेकर पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया की एक महिला को हिरासत में लिया गया है, वहीं दो नाबालिग को भी बरामद किया गया है. पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है, पूछताछ करने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.