
Jharkhand News: धनबाद के निरसा स्थित ईसीएल मुगमा इलाके के चापापूर ओसीपी के पास अचानक जमीन धंसने से बड़ा हादसा हो गया. जोरदार धमाके की आवाज होते ही लगभग 100 मीटर लंबी सड़क 10 से 12 फीट नीचे धंस गई, जिससे 30 गांवों का मुख्य सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया.
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई. ग्रामीणों ने ओसीपी में हो रही भारी ब्लास्टिंग और कथित अवैध उत्खनन को हादसे की वजह बताते हुए प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताया.
लोगों का कहना है कि पहले भी इस क्षेत्र में जमीन धंसने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि मुगमा क्षेत्र की कोलियरियों में अवैध उत्खनन लगातार जारी है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर ब्लास्टिंग की जा रही है.

झामुमो जिला अध्यक्ष लखी सोरेन ने कहा कि सड़क धंसने से कई गांव टापू बन गए हैं और वर्षों से विस्थापित परिवार अब भी पुनर्वास का इंतजार कर रहे हैं.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ईसीएल प्रबंधन से तत्काल जांच, सुरक्षा उपाय और प्रभावित ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की मांग की है.