ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद से दुनियाभर में विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं. भारत में भी कई जगहों पर शिया समुदाय के लोगों ने शोक और नाराजगी जताई है. रविवार को भी श्रीनगर से लेकर लखनऊ तक शिया मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सड़कों पर उतरकर इस घटना का विरोध जताया था.
वहीं अब प्रदर्शनों के चलते जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में कई पाबंदियां लागू कर दी गई हैं. विरोध को रोकने के लिए लाल चौक इलाके को प्रशासन ने सील कर दिया है. घंटाघर (क्लॉक टॉवर) के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गईं हैं.
इसके अलावा स्कूल और कॉलेजों को 2 दिन के लिए बंद किया गया है. आज और कल यहां सभी स्कूल और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे. कश्मीर विश्वविद्यालय ने भी अपनी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं.
यह भी पढ़ें: ईरान के हमले में तीन अमेरिकी सैनिक कहां मारे गए? कैसे हुआ ये हमला, पूरी डिटेल
अलग-अलग जगहों पर विरोध
खामेनेई की मौत की खबर के बाद से भारत के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिले हैं. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी शिया समुदाय के लोगों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया.मौलाना कल्बे जवाद साहब ने लोगों से अपील करते हुए रविवार को दुकानें बंद रखने और 3 दिन के शोक का पालन करने की मांग की थी.
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा और कुलगाम में भी लोग इकट्ठा हुए और खामेनेई के लिए दुआ की. पुलवामा के गंगू इलाके से लेकर मेन चौक तक बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया.
देश के उत्तरी हिस्सों में श्रीनगर, बांदीपोरा, अनंतनाग और गांदरबल समेत कई इलाकों में इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया गया.