जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित होटल रॉयल पार्क में एक शादी समारोह के दौरान अचानक फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. समारोह में जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के संरक्षक फारूक अब्दुल्ला समेत कई नेता मौजूद थे. इसी दौरान एक व्यक्ति चुपचाप कार्यक्रम के बीच पहुंचा और पीछे से दबे पांव आया और करीब से गोली चला दी. फायरिंग में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को छर्रे लगने से चोट आई और वो घायल हो गए, जबकि फारूक अब्दुल्ला सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
हमलावर पकड़ा गया
घटना के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए हमलावर को पकड़ लिया. इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी ने समारोह के बीच पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस अब इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है. घटना से जुड़े तथ्यों को समझने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्यों की जांच के बाद ही फायरिंग की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी.
बताया जा रहा है कि आरोपी कमल सिंह जम्वाल खनन के कारोबार से जुड़ा हुआ है. हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर में खनन गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की गई है, जिससे वह नाराज बताया जा रहा है. खनन विभाग की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के पास है, इसलिए इस एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है.