
शिमला जिले में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब भराड़ी रोड के पास एक अज्ञात पोस्टर में बम विस्फोट की धमकी मिलने की सूचना सामने आई. इस पोस्टर में रोहड़ू स्थित अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया और तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
जिला शिमला पुलिस ने बिना समय गंवाए एहतियाती कदम उठाते हुए रोहड़ू के अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय को तत्काल खाली करा लिया. वहां मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके साथ ही परिसर में खड़े सभी वाहनों को भी हटा दिया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया.

घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया. विशेषज्ञ टीम द्वारा पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की जा रही है. हालांकि प्रारंभिक जांच में अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं और हर पहलू से जांच जारी रखी गई है.
संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सदर में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पोस्टर लगाने वालों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके.
जिला शिमला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे इस घटना को लेकर घबराएं नहीं और शांति बनाए रखें. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं. साथ ही लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी गई है.