हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल में पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. कसोल बाजार में पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी के बाद एक सैलानी द्वारा कथित तौर पर स्थानीय युवक पर गोली चलाने का मामला सामने आया है. घटना में एक युवक घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
जानकारी के अनुसार, कसोल बाजार में वाहन पार्किंग को लेकर पर्यटकों और स्थानीय युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर गोली चला दी, जिससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें बाजार में हंगामे के बीच घायल युवक को अस्पताल ले जाते हुए देखा जा सकता है. इसी बीच, सफेद शर्ट पहने एक सैलानी हाथ में पिस्टल लहराते हुए बीच सड़क पर खुलेआम घूमता दिखाई देता है. वह युवक कुछ देर तक हवा में हथियार ताने रहता है, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गयी. हालांकि, बाद में उसके साथ आए अन्य साथी उसे पकड़कर वहां से भागने की कोशिश करते दिखाई दिए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और आरोपियों की गाड़ी भी कब्जे में ले ली है.
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि कसोल में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद गोली चलने की घटना सामने आई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपियों के कब्जे से हथियार और वाहन बरामद
आरोपियों के कब्जे से हथियार और वाहन बरामद कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. देवभूमि में कानून व्यवस्था भंग करने और इस तरह की हिंसक घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. घायल युवक का उपचार जारी है तथा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.