हरियाणा में बीजेपी के शासनकाल और राज्य के विकास को लेकर 'हरियाणा पंचायत आजतक' के मंच पर नायब सरकार के दो प्रमुख मंत्रियों ने अपनी बात रखी. कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और डॉ. अरविंद शर्मा ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने हरियाणा के इंफ्रास्ट्रक्चर, सिविल एविएशन, जलभराव की समस्या और सुशासन के रिपोर्ट कार्ड पर खुलकर बात की.
'आजतक' के मंच से दोनों नेताओं ने हरियाणा के भविष्य का रोडमैप साझा किया और विपक्ष के आरोपों का करारा जवाब दिया. इसके साथ ही विपुल गोयल ने गुरुग्राम में होने वाले जलभराव और ड्रेनेज सिस्टम पर सरकार का पक्ष रखा, तो वहीं डॉ. अरविंद शर्मा ने जेल प्रशासन, कानून-व्यवस्था और बाबा राम रहीम को मिलने वाले परोल से जुड़े सवालों पर अपनी बात रखी.
हरियाणा में शुरू होगी 'हेली टैक्सी' सेवा: विपुल गोयल
सिविल एविएशन और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े सवालों पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि सरकार राज्य में नागरिक उड्डयन के दायरे को तेजी से बढ़ा रही है. उन्होंने कहा, "हरियाणा छोटा प्रदेश है, इसलिए हम राज्य को 'हेली टैक्सी' (Helicopter Taxi) सेवा से जोड़ने की योजना पर तेजी से काम कर रहे हैं. इसके साथ ही नए पायलट ट्रेनिंग स्कूल्स खोलने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं."
गुरुग्राम में जलभराव की रील्स इस साल नहीं दिखीं: मंत्री
गुरुग्राम में जलजमाव के सवाल पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि गुरुग्राम के इलाके में पिछले 6 महीनों में ड्रेनेज क्लीनिंग का बड़ा अभियान चलाया गया. 159 संवेदनशील पॉइंट्स को चिह्नित कर काम किया गया, जिससे इस बार गुरुग्राम में 70-75 फीसदी और फरीदाबाद में 90 फीसदी तक सफलता मिली. इस बार गुरुग्राम के जलभराव की रील्स नहीं दिखी होंगी.
बारिश के बदलते पैटर्न का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कम समय में अत्यधिक बारिश होना अब एक वैश्विक चुनौती है. सरकार न केवल ड्रेनेज को स्थायी रूप से ठीक कर रही है, बल्कि बारिश के पानी से भूजल रिचार्ज करने पर भी काम चल रहा है. गुरुग्राम एक ग्लोबल कैपिटल है, जहां फॉर्च्यून-500 की 250 से ज्यादा कंपनियों के हेड ऑफिस हैं. वहां हाइवेज और सड़कों का मॉडर्नाइजेशन युद्ध स्तर पर जारी है.
मंत्री ने बताया 10 सालों में कितना बदला हरियाणा
हरियाणा सरकार के मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने राज्य में लगातार तीसरी बार बनी बीजेपी सरकार और 2014 के बाद आए प्रशासनिक बदलावों का ब्योरा दिया. डॉ. शर्मा ने कहा, "2014 से पहले मनोहर लाल खट्टर जी और अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में हरियाणा के सिस्टम में पारदर्शिता आई है. स्वास्थ्य, ट्रांसपोर्ट और इंफ्रास्ट्रक्चर का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचा है. इसी विश्वास की बदौलत जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को चुना है."
उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स के मेडल्स में हरियाणा का सबसे बड़ा हिस्सा होता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'खेलो इंडिया' नीति से गांवों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को सीधा सपोर्ट मिल रहा है.
डॉ. शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार किसान, मजदूर, गरीब, दलित, युवा और बुजुर्गों के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है. उन्होंने 'लाडो लक्ष्मी योजना' का जिक्र करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में देशभर के लिए मील का पत्थर बताया.
राम रहीम की परोल कानून के दायरे में: डॉ. अरविंद शर्मा
बाबा राम रहीम को बार-बार परोल मिलने और जेल सुधारों से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि जेल मंत्रालय का काम केवल कैदी के आचरण (कंडक्ट) की रिपोर्ट देना होता है, जो संबंधित कमिश्नर को भेजी जाती है.
उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार कैदी को साल में 3 से 4 बार विभिन्न आधारों (जैसे मेडिकल) पर परोल मिल सकती है. राम रहीम को मिली परोल पूरी तरह गाइडलाइंस के तहत है. यह हाइलाइटेड मामला है इसलिए चर्चा में रहता है, जबकि अन्य कैदियों को भी समय-समय पर परोल मिलती है.
2014 से पहले के दौर से तुलना करते हुए उन्होंने बताया कि अब जेलों में बहुत सख्ती है. जेलों में बॉडी स्कैनर और 3G/4G जैमर जैसे आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं. जेल विभाग पूरी पारदर्शिता और विजन के साथ काम कर रहा है और अब जेलों से किसी साजिश या अवैध गतिविधियों की गुंजाइश नहीं है.
SYL नहर के मामले पर केंद्र से उम्मीद: विपुल गोयल
सतलुज-यमुना लिंक (SYL) के मुद्दे पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार अपने पानी के अधिकार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि SYL का मुद्दा हरियाणा की आने वाली पीढ़ियों और किसानों की फसलों के लिए जीवन-मरण से जुड़ा है. हरियाणा अपने इस अधिकार को कभी नहीं छोड़ सकता.
पंजाब और हरियाणा में अलग-अलग राजनीतिक दलों की सरकारें होने के कारण राजनीतिक सहमति बनने में दिक्कत आ रही है. हालांकि, जल शक्ति मंत्रालय और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत लगातार बैठकें जारी हैं. केंद्र सरकार के हस्तक्षेप से जल्द ही इसका कोई न कोई रास्ता निकलेगा.
सोशल मीडिया का प्रभाव और युवाओं के लिए नीतियां
सोशल मीडिया पर सरकार की छवि से जुड़े सवाल पर विपुल गोयल ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग बहुत सक्रिय हैं. कई बार किसी की व्यक्तिगत समस्या को पूरी राज्य की समस्या बनाकर दिखाया जाता है. फिर भी, सरकार सोशल मीडिया का सम्मान करती है क्योंकि यह जनप्रतिनिधियों को अधिक जवाबदेही बनाता है.
उन्होंने कहा कि हरियाणा पहले जवानों और किसानों का प्रदेश माना जाता था, लेकिन अब बीजेपी सरकार की नीतियों के कारण यह खिलाड़ियों और उद्यमियों का भी प्रदेश बन गया है. सरकार की खेल नीति ने लाखों युवाओं को मैदान की ओर मोड़ा है. इसके अलावा, 2015-16 की इंडस्ट्रियल पॉलिसी और स्टार्टअप-MSME को बढ़ावा देने की नीतियों से राज्य के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर नए अवसर पैदा हुए हैं.