scorecardresearch
 

56 घाटों पर जलेंगे 30 लाख दीये, दिवाली पर अयोध्या में दिखेगा अद्भुत नजारा, परिवार संग घूम आएं रामलला की जन्मभूमि

दिवाली 2026 पर परिवार के साथ घूमने के लिए अयोध्या शानदार डेस्टिनेशन है. राम मंदिर रोशनी से सज चुका है और 7 नवंबर को यहां दीपोत्सव का आयोजन होगा. इस दौरान 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाने की योजना है. जानिए अयोध्या में घूमने की खास जगहें.

Advertisement
X
राम मंदिर दिवाली पर खूबसूरत दिखता है. (PHOTO:ITG)
राम मंदिर दिवाली पर खूबसूरत दिखता है. (PHOTO:ITG)

Ayodhya Diwali celebration 2026: दिवाली की छुट्टियों में अगर आप परिवार के साथ कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो उत्तर प्रदेश की अयोध्या एक शानदार ऑप्शन हो सकता है. भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या इन दिनों दीपावली के स्वागत के लिए सजकर तैयार हो रही है. यहां का श्रीराम जन्मभूमि मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है.

रात के समय रोशनी से जगमगाता मंदिर बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है. ऐसे में इस दिवाली आप भी परिवार के साथ अयोध्या जाकर भक्ति और त्योहार के खूबसूरत माहौल का अनुभव कर सकते हैं.

रोशनी से जगमगाया राम मंदिर

दिवाली और दीपोत्सव से पहले अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को खास अंदाज में सजाया गया है. मंदिर परिसर में आकर्षक लाइटें लगाई गई हैं, वहीं फूलों और दूसरी सजावटी चीजों से भी मंदिर की खूबसूरती बढ़ाई गई है.

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर की साज-सज्जा की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं. इन तस्वीरों में रात के समय पूरा मंदिर रोशनी से नहाया हुआ दिखाई दे रहा है. मंदिर की भव्य वास्तुकला और जगमगाती लाइटें यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अट्रैक्शन का केंद्र बनी हुई हैं.

Advertisement

दिवाली पर क्यों खास है अयोध्या?

अयोध्या का दिवाली से बेहद खास कनेक्शन है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान राम 14 साल का वनवास पूरा करने और रावण पर जीत हासिल करने के बाद माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे. उनके स्वागत में अयोध्या के लोगों ने पूरे नगर में दीपक जलाए थे.

इसी परंपरा को याद करते हुए हर साल यहां दीपावली बड़े उत्साह के साथ मनाई जाती है. इस दौरान पूरा शहर दीपों, लाइटों और फूलों से सजाया जाता है. परिवार के साथ यहां आकर आप धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के अलावा त्योहार की रौनक भी देख सकते हैं.

7 नवंबर को होगा दीपोत्सव 2026

अयोध्या का दीपोत्सव देशभर में अपनी भव्यता के लिए मशहूर है. इस साल इसका 10वां संस्करण 7 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा. इस मौके पर अयोध्या के 56 घाटों, सरयू नदी के किनारे और अलग-अलग मंदिरों में करीब 30 लाख मिट्टी के दीये जलाने की तैयारी है.

दीपोत्सव के दौरान घाटों पर हजारों दीपों की रोशनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक आयोजन देखने को मिलेंगे. सरयू नदी के किनारे जलते दीयों का नजारा पर्यटकों के लिए खास अट्रैक्शन रहेगा.

योध्या में घूमने की ये जगहें भी देखें

अगर आप दिवाली पर अयोध्या घूमने जा रहे हैं, तो राम मंदिर के अलावा इन जगहों को भी अपनी यात्रा में शामिल कर सकते हैं.

Advertisement

हनुमानगढ़ी मंदिर: अयोध्या के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में शामिल इस मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन कर सकते हैं.

कनक भवन: माता सीता और भगवान राम को समर्पित यह मंदिर अपनी खूबसूरत बनावट और धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है.

सरयू घाट: सरयू नदी के किनारे बने घाटों पर शाम के समय आरती और दीपों का नजारा देखने लायक होता है.

राम की पैड़ी: सरयू नदी के किनारे स्थित यह जगह शाम के समय घूमने और खूबसूरत तस्वीरें लेने के लिए अच्छी है.

परिवार के साथ बनाएं अयोध्या घूमने का प्लान

दिवाली की छुट्टियों में अयोध्या की यात्रा आपको धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से देखने का मौका दे सकती है. हालांकि दीपोत्सव के दौरान यहां काफी भीड़ रहने की संभावना है. इसलिए होटल और यात्रा की बुकिंग पहले से कर लें. मंदिरों में दर्शन और घाटों पर जाने से जुड़े स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देश भी जरूर देख लें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement