हरियाणा से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. गुरुवार को गुरुग्राम के एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई. दिल्ली के रजोकरी गार्डन निवासी टैक्सी ड्राइवर बूम प्रसाद अपनी पत्नी और बच्चों के साथ राजस्थान स्थित बालाजी धाम से दर्शन कर लौट रहे थे.
दिल्ली-बड़ोदरा एक्सप्रेसवे पर सोहना क्षेत्र के लोहटकी गांव के पास उनकी स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़ी टूरिस्ट बस से टकरा गई. हादसे में बूम प्रसाद, उनकी पत्नी और छोटी बेटी की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हो गए.
हादसा गुरुवार सुबह करीब 3 बजे हुआ. चश्मदीदों के मुताबिक, कार की रफ्तार तेज थी. टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी का बड़ा हिस्सा बस के नीचे जा घुसा. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू की.
यह भी पढ़ें: बाइक सवारों के सामने अचानक पलटा भारी कंटेनर, एक पल की देरी और हो सकता था बड़ा हादसा, देखें वीडियो
बच्चे को निकालने के लिए काटना पड़ा बोनट
कार में फंसे घायलों को बाहर निकालना बेहद मुश्क्लि था. सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं. बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. एक बच्चे को निकालने के लिए कार का बोनट तक काटना पड़ा. दोनों घायल बच्चों का इलाज जारी है.
खाली खड़ी थी बस, पुलिस ने शुरू की जांच
फायर ब्रिगेड अधिकारी देवेंद्र के मुताबिक, जिस टूरिस्ट बस से कार टकराई, उसमें कोई यात्री सवार नहीं था. हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर सोहना के नागरिक अस्पताल की मॉर्च्यूरी में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. तेज रफ्तार, सड़क किनारे खड़ी बस और तड़के का समय जांच के अहम पहलू हैं.