गुजरात के सूरत में शराबबंदी कानून के बीच उत्राण पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एक ऑटो रिक्शा से 469 विदेशी शराब की बोतलें बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान ऑटो रिक्शा, मोबाइल फोन समेत कुल 1 लाख 30 हजार 775 रुपये का मुद्दामाल जब्त किया गया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑटो में यात्रियों की जगह शराब की खेप लेकर सप्लाई के लिए पहुंचा था. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को दबोच लिया.
यह भी पढ़ें: सूरत में 15 महीने की मासूम की दर्दनाक मौत, बिना अनुमति खोदे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से गई जान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 44 वर्षीय यूसुफ अहमद शेख के रूप में हुई है. वह वर्तमान में कठोर गांव स्थित मानसरोवर रेजिडेंसी में रहता है और पेशे से ऑटो रिक्शा चालक है. उसका मूल निवास उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में है.
मुखबिर की सूचना पर पार्किंग में पहुंची पुलिस
उत्राण पुलिस की सर्विलांस टीम नियमित रूप से प्रोहिबिशन एक्ट के मामलों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कठोर गांव स्थित मानसरोवर रेजिडेंसी की बिल्डिंग नंबर 8/ए की पार्किंग में खड़े एक ऑटो रिक्शा में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब रखी गई है.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. इसके बाद संदिग्ध ऑटो रिक्शा की तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान ऑटो के अंदर अलग-अलग ब्रांड की 180 मिलीलीटर क्षमता वाली कांच और प्लास्टिक की कुल 469 विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं. पुलिस ने मौके से चालक को भी गिरफ्तार कर लिया.
1.30 लाख रुपये का मुद्दामाल जब्त
पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब की अनुमानित कीमत 95 हजार 775 रुपये है. इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किया गया बजाज कंपनी का ऑटो रिक्शा, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया.
जब्त किए गए पूरे मुद्दामाल की कुल कीमत 1 लाख 30 हजार 775 रुपये बताई गई है. पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शराब की यह खेप सूरत में सप्लाई के लिए लाई गई थी. हालांकि इसे किसे पहुंचाया जाना था, इसकी जांच अभी जारी है.
पहले भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी यूसुफ अहमद शेख पहले भी कानून के शिकंजे में आ चुका है. वर्ष 2023 में वलसाड ग्रामीण पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ प्रोहिबिशन एक्ट के तहत शराब तस्करी का मामला दर्ज किया गया था.
इसके अलावा वर्ष 2024 में ओलपाड पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत भी उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था. पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच कर रही है.
उत्राण पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रोहिबिशन एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और सूरत में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा.