
गुजरात से हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है. सूरत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-263) से करीब 2 करोड़ रुपये का गांजा बरामद किया गया है. इस मामले में अब तक 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने 20 मार्च 2026 को जब विमान की तलाशी शुरू की. उस दौरान सीट नंबर 28A, 28B, 28E और 28F की बैकरेस्ट से ब्राउन टेप में लिपटे सात वैक्यूम-पैक पॉलीथीन पैकेट जब्त किए. मामले की जांच करने पर दो यात्रियों को हिरासत में लिया गया.
दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान मामले में अपने शामिल होने को स्वीकार किया और एक अन्य साथी का नाम भी उजागर किया. मिली जानकारी के आधार पर तीसरे आरोपी को सूरत से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट (IX-1264) से गिरफ्तार कर लिया गया.
बता दें, बरामद पदार्थ की जांच में यह मारिजुआना (कैनबिस) निकला है, जिसे एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया है. फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस मामले की जांच की जा रही है.

बेंगलुरु से भी सामने आया मामला
कुछ दिन पहले बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी ड्रग्स तस्करी का मामला सामने आया था. बैंकॉक से आए एक यात्री के सामान से बड़ी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ. जांच में पता चला कि उसने इसे एक फोटो फ्रेम के अंदर छिपाकर अपने लगेज बैग में पैक किया था, ताकि सुरक्षा जांच के दौरान किसी को शक न हो.