scorecardresearch
 

पत्नी ने दी सुपारी, बेटी ने लोकेशन और भांजे ने कर दी हत्या... झकझोर देगी गुजरात के बिजनेसमैन की मौत की कहानी

गुजरात के मेहसाणा में मेडिकल स्टोर संचालक विनोदभाई पटेल की मौत को पहले सड़क हादसा माना गया था. लेकिन पुलिस का दावा है कि यह एक सुनियोजित हत्या थी. आरोप है कि 10 लाख के बीमा और पारिवारिक विवाद में पत्नी और बेटी ने मिलकर सगे भांजे को 50 हजार रुपये की सुपारी दी. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
भांजे को सुपारी देकर करा दी पति की हत्या. (Photo: Screengrab)
भांजे को सुपारी देकर करा दी पति की हत्या. (Photo: Screengrab)

गुजरात के मेहसाणा में एक सड़क हादसे की जांच शुरू हुई थी, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सबूतों की कड़ियां जोड़ीं, मामला रिश्तों की ऐसी कहानी में बदल गया, जिसने हर किसी को चौंका दिया. पुलिस का कहना है कि मेडिकल स्टोर चलाने वाले एक शख्स की मौत हादसा नहीं, बल्कि हत्या थी. आरोप है कि पत्नी, बेटी और सगे भांजे ने मिलकर पूरी साजिश रची.

विनोदभाई पटेल विजापुर में मेडिकल स्टोर चलाते थे. रोज की तरह दुकान बंद करके एक्टिवा से घर लौट रहे थे. तभी आनंदपुरा चौराहे के पास एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. शुरुआत में मामला एक सामान्य सड़क दुर्घटना जैसा लगा. लेकिन पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो तस्वीर बदलने लगी.

mehsana wife daughter accused of husband murder hit and run insurance supari case

 

जांच में सामने आया कि जिस कार ने विनोदभाई को टक्कर मारी थी, वह सिर्फ घटना वाले दिन ही नहीं, बल्कि उससे पहले भी कई दिनों तक उनके पीछे घूमती दिखाई दी. यानी यह कोई अचानक हुआ एक्सीडेंट नहीं था. पुलिस को शक हुआ कि किसी ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है.

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के जरिए जांच आगे बढ़ाई. और यहीं से कहानी ने ऐसा मोड़ लिया, जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की थी.

Advertisement

पुलिस का दावा है कि कार चला रहा युवक विनोदभाई की पत्नी रीटाबेन का सगा भांजा विमल पटेल था. आरोप है कि रीटाबेन ने अपने पति की हत्या के लिए भांजे को 50 हजार रुपये देने का वादा किया था. प्लानिंग बनाई गई कि बिना नंबर प्लेट वाली कार से टक्कर मारकर हत्या को सड़क हादसा दिखा दिया जाएगा.

mehsana wife daughter accused of husband murder hit and run insurance supari case

यह भी पढ़ें: 'घर के अंदर मत आना...' रूबी ने किसे किया था कॉल? आगरा के डरावने बाथरूम कांड की पूरी टाइमलाइन

पुलिस का दावा है कि इस पूरी साजिश में विनोदभाई की बेटी भी शामिल थी. जांच के मुताबिक, वह अपने पिता की हर एक्टिविटी पर नजर रखती थी और उनकी लोकेशन भांजे तक पहुंचाती थी. जिस दिन वारदात हुई, उस दिन भी कथित तौर पर इसी तरह जानकारी शेयर की गई.

पुलिस के अनुसार, इस साजिश की दो बड़ी वजहें सामने आई हैं. पहली, 10 लाख रुपये का जीवन बीमा, जिसकी रकम मौत के बाद मिलने वाली थी. दूसरी, लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद.

mehsana wife daughter accused of husband murder hit and run insurance supari case

मृतक की बहन सूर्याबेन पटेल का कहना है कि घर में अक्सर झगड़े होते थे. उनके मुताबिक, घटना से कुछ दिन पहले परिवार का व्यवहार अचानक बदल गया था. विनोदभाई को भी कुछ अनहोनी का अंदेशा था, लेकिन शायद उन्हें यह नहीं मालूम था कि खतरा घर के भीतर से ही है.

Advertisement

मामले की जांच कर रहे डीएसपी दिनेशसिंह चौहान के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का लग रहा था. लेकिन सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने पूरी कहानी बदल दी. पुलिस ने आरोपी पत्नी रीटाबेन, बेटी और भांजे विमल पटेल को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है. फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच रही है कि इस साजिश में कोई और शामिल था या नहीं.

---- समाप्त ----
(रिपोर्ट: मनीष मिस्त्री)
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement