गुजरात के जामनगर शहर में काम के बीच एक युवक को हार्टअटैक आ गया. इस दौरान वह तुरंत बेहोश होकर गिर पड़ा. युवक शहर के रामेश्वरनगर इलाके का रहने वाला है. उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही सेकंड में अचेत हो गया. यह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है.
जानकारी के अनुसार, युवक सामान्य तरीके से चल-फिर रहा था. इसी दौरान उसे अचानक बेचैनी महसूस हुई. CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि युवक कुछ पल के लिए असहज दिखता है और फिर अचानक बेहोश होकर गिर पड़ता है.
यहां देखें Video
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. लोग तुरंत युवक की मदद के लिए दौड़े और उसे संभालने की कोशिश की. इसके बाद आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
हालांकि युवक की अब तबीयत कैसी है, इसको लेकर अपडेट नहीं मिला है. वहीं इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो देखने के बाद लोग युवाओं में तेजी से बढ़ रहे हार्टअटैक के मामलों को लेकर चिंता जता रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 40 मिनट तक CPR और 12 इलेक्ट्रिक शॉक... युवक को आया हार्टअटैक, फिर ऐसे लौटी दिल की धड़कन
पिछले कुछ समय में देशभर में कम उम्र के लोगों में हार्ट अटैक की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. कई मामलों में लोग चलते-फिरते, जिम करते, डांस करते या सामान्य काम करते हुए अचानक गिर पड़ते हैं. ऐसे मामलों ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों और आम लोगों दोनों की चिंता बढ़ा दी है.
डॉक्टरों का कहना है कि बदलती जीवनशैली, अत्यधिक तनाव, अनियमित खान-पान, नींद की कमी और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही हार्ट से जुड़ी बीमारियों के खतरे को बढ़ा रही है. विशेषज्ञ नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित भोजन, व्यायाम और तनाव कम करने की सलाह दे रहे हैं. जामनगर की इस घटना का वीडियो फिलहाल वायरल हो रहा है.