गुजरात के साबरकांठा में आज सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं. नेशनल हाइवे-48 पर एक तेज रफ्तार बस ने महिलाओं से भरी वैन को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में छह महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है.
एजेंसी के मुताबिक, यह हादसा श्यामलाजी-हिम्मतनगर हाइवे पर हुआ. वैन में सवार महिलाएं अरावली जिले के मोडासा से हिम्मतनगर के हुंज गांव जा रही थीं. सभी महिलाएं एक कैटरिंग टीम का हिस्सा थीं और एक कार्यक्रम में खाना बनाने के लिए जा रही थीं.
रास्ते में तेज रफ्तार से आ रही एक प्राइवेट बस ने वैन को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए. घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी.
यह भी पढ़ें: मुंबई में दर्दनाक हादसा! BMC के काम में लगी पाइलिंग रिग पलटी, दबने से कांस्टेबल की मौत
साबरकांठा के डिप्टी एसपी एके पटेल ने बताया कि हादसे में वैन में सवार छह महिलाओं की मौत हो गई. वहीं छह अन्य महिलाएं, एक पुरुष और वैन चालक घायल हो गए.
घायलों को तुरंत हिम्मतनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. ध्रुपद चौहान के अनुसार, दो घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया.
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतकों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.